खेरवाड़ा। नवरात्र के पांचवें दिन मां दुर्गा के पंचम स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने माता की आराधना की, वहीं पूरे खेरवाड़ा उपखंड क्षेत्र में डांडिया और गरबा की धूम चरम पर रही। डीजे की धुन पर युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में गरबा खेलते नजर आए।

खड़कवा माता मंदिर बायडी के आचार्य प्रभा शंकर त्रिवेदी ने बताया कि भगवान कार्तिकेय, जिन्हें स्कंद नाम से भी जाना जाता है, की माता होने के कारण देवी के इस स्वरूप को स्कंदमाता कहा जाता है। माता सिंह पर सवार होती हैं और कमल के पुष्प पर भी विराजमान रहती हैं। इसी कारण उन्हें पद्मासना देवी भी कहा जाता है।

किला माता मंदिर के महंत भारत भूषण जोशी ने बताया कि मां स्कंदमाता की चार भुजाएं हैं। उनकी ऊपर की एक भुजा में बाल कार्तिकेय विराजमान रहते हैं, जबकि दूसरी भुजा में कमल का पुष्प रहता है। उनकी एक भुजा वरदमुद्रा में होती है और नीचे वाली भुजा में भी कमल का पुष्प सुशोभित होता है। उन्होंने बताया कि नवरात्र के पांचवें दिन मां स्कंदमाता को केले का भोग लगाना अत्यंत शुभ माना जाता है। इनकी उपासना से संतान सुख, मानसिक शांति, ज्ञान और यश की प्राप्ति होती है।

इधर, खेरवाड़ा उपखंड के पूरे क्षेत्र में नवरात्र के दौरान डांडिया और गरबा आयोजनों की रौनक बनी हुई है। सैकड़ों की संख्या में युवा, महिलाएं और बच्चे डीजे की धुन पर गरबा खेलने का आनंद ले रहे हैं। धार्मिक आस्था के साथ पारंपरिक नृत्य की खनक ने क्षेत्र में नवरात्र उत्सव का माहौल बना रखा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story