खेरवाड़ा में अच्छी बारिश की कामना को लेकर मेंढक-मेढ़की विवाह और इंद्र यज्ञ
खेरवाड़ा में श्रेष्ठ वर्षा की कामना से मेंढक-मेढ़की विवाह और इंद्र यज्ञ हुआ, श्रद्धालुओं ने नदी पूजन कर अच्छी बारिश की प्रार्थना की।

तस्वीर में खेरवाड़ा के मोचीवाड़ा क्षेत्र में आयोजित इंद्र यज्ञ के दौरान हवन कुंड के पास बैठकर आहुतियां देते हुए आचार्य और श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं।
खेरवाड़ा में क्षेत्र में श्रेष्ठ वर्षा, कुओं, तालाबों, नदियों एवं खेतों के भराव तथा सुख-समृद्धि की कामना को लेकर धार्मिक परंपरा के अनुसार मेंढक-मेढ़की का विवाह एवं इंद्र यज्ञ का आयोजन किया गया। नगर के मोचीवाड़ा क्षेत्र में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य जगदीश प्रसाद व्यास ने गणपति, भगवान शिव-पार्वती, भगवान विष्णु, देवराज इंद्र एवं भगवान वरुण के आह्वान के साथ किया। इसके बाद चंदन, अक्षत, धूप-दीप से हवन कुंड का पूजन कर अग्नि प्रज्ज्वलित की गई।
श्रेष्ठ वर्षा की कामना से वैदिक मंत्र "ॐ इन्द्राय नमः" एवं "ॐ वरुणाय नमः" के उच्चारण के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से हवन में आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद धार्मिक परंपरा के अनुसार मेंढक-मेढ़की के विवाह का टोटका संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर आचार्य ने विश्वास व्यक्त किया कि इस धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में अच्छी वर्षा होगी तथा चारों ओर सुख-समृद्धि और खुशहाली का वातावरण बनेगा। हवन एवं टोटके के उपरांत महाआरती का आयोजन किया गया और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
इसके बाद सभी नागरिक ढोल-नगाड़ों के साथ कतारबद्ध होकर "इन्द्र राजा आवो रे, पानी खूब बरसाओ रे" के जयकारे लगाते हुए नदी तट पहुंचे। वहां नदी का पूजन कर देवराज इंद्र से अच्छी वर्षा की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन एवं नृत्य कर धार्मिक उल्लास का प्रदर्शन किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
