खेरवाड़ा स्थित श्री महाकाल धाम कारछा में आयोजित पांच दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का पंचम दिवस पूर्णाहुति और भव्य शिव विवाह समारोह के साथ श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कथा श्रवण किया और भगवान शिव की आराधना का धर्मलाभ प्राप्त किया।

कथा व्यास तिलकेश जोशी ने पंचम दिवस दक्ष प्रजापति के यज्ञ, माता सती के आत्मदाह तथा उमा के रूप में पुनर्जन्म लेकर भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने का प्रसंग सुनाया। उन्होंने भगवान शिव की महिमा बताते हुए कहा कि भगवान शिव घट-घट में विराजमान हैं और सच्चे मन तथा श्रद्धा से उनकी आराधना करने से मनुष्य को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है।

कथा आयोजन समिति की ओर से बाबा महाकाल धाम के सेवायत सोहनलाल औदित्य ने कथा व्यास तिलकेश जोशी का तिलक एवं माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर बाबा महाकाल का अर्धनारीश्वर एवं रौद्र रूप में विशेष श्रृंगार किया गया।

कथा के दौरान हितेष जी विप्र, चंदन जी, चिराग जी एवं मोक्ष सोमपुरा ने विभिन्न वाद्य यंत्रों के माध्यम से संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। भजनों और संगीतमय प्रस्तुतियों से कथा स्थल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए। शिव विवाह से पूर्व आयोजन में सहयोग देने वाले दानदाताओं एवं समिति के सेवकों का उपरना एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

वैदिक विधि-विधान से हुआ शिव विवाह

पूर्णाहुति के अवसर पर आचार्य अजय कुमार भट्ट ने मंत्रोच्चार एवं वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान शिव एवं माता पार्वती का शिव विवाह समारोह सम्पन्न कराया। शिव विवाह में भगवान शिव एवं माता पार्वती के प्रतीक स्वरूप रामलाल पटेल एवं उनकी धर्मपत्नी पुष्पा बेन फुटाला ने भूमिका निभाई।

विवाह समारोह में श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा और हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। शिव विवाह के पश्चात महावीर जांगिड़ के परिवार की ओर से समस्त धर्मप्रेमियों के लिए मां अन्नपूर्णा के रूप में भंडारे की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम का संचालन घनश्याम जोशी ने किया। आयोजन समिति ने श्री शिव महापुराण कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं, दानदाताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। पांच दिवसीय कथा का समापन शिव विवाह, पूर्णाहुति और भंडारे के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की सहभागिता प्रमुख रही।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story