खेरवाड़ा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उदयपुर के तत्वावधान में तालुका विधिक सेवा समिति, खेरवाड़ा द्वारा रालसा के "परिवर्तनकारी मंगलवार" अभियान के तहत न्यायिक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में "नशे को ना कहो, अपने सपनों को हाँ कहो, नशा कोई स्टाइल नहीं, अपने मन, शरीर और भविष्य की रक्षा करो" विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशामुक्ति, कानूनी अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक बनाना रहा।

अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश खेरवाड़ा जगदीश कुंतल ने नागफणी सेंट्रल अकादमी, खेरवाड़ा में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, शिक्षा के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण के लिए नशे से दूर रहकर शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी।

इसी क्रम में ग्राम न्यायाधिकारी जतिन परमार ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जवास तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषभ राठौर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बायेडी में आयोजित शिविरों में विद्यार्थियों को बाल विवाह निषेध, पोक्सो अधिनियम, बच्चों के विरुद्ध अपराधों से सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा उनके कानूनी अधिकारों की सरल भाषा में विस्तृत जानकारी दी।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को मोबाइल एवं स्मार्टफोन के अनावश्यक उपयोग से दूरी बनाकर शिक्षा पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही "कोर्ट वाली दीदी शिकायत पेटी" के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि विद्यार्थी अपनी शिकायत सीधे न्यायालय तक पहुँचा सकते हैं।

अभियान के दौरान जागरूकता पेम्पलेट वितरित किए गए तथा विद्यार्थियों को जीवन में अपराध से दूर रहने का संदेश दिया गया। उन्हें नालसा हेल्पलाइन 15100, रालसा हेल्पलाइन 9828900900 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी प्रदान की गई। शिविर में संबंधित विद्यालयों का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

तालुका विधिक सेवा समिति, खेरवाड़ा के सचिव महेश कुमार मीणा ने बताया कि परिवर्तनकारी मंगलवार अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को कानूनी अधिकारों, नशामुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक बनाना है। अभियान के तहत आयोजित ऐसे शिविर समाज में विधिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story