खेरवाड़ा: कटेवड़ी में हनुमान चालीसा पाठ के 171 शनिवार पूर्ण, भजन संध्या आयोजित
कटेवड़ी गांव के माताजी मंदिर में 171वें शनिवार पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कटेवड़ी गांव के माताजी मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ के 171 शनिवार पूर्ण होने पर भजन संध्या का आयोजन।
खेरवाड़ा, 25 अक्टूबर। कटेवड़ी गांव के माताजी मंदिर में निरंतर चल रहे शनिवारीय हनुमान चालीसा पाठ के 171 शनिवार पूर्ण होने पर जय अंबे नवयुवक मंडल के तत्वावधान में गांव की महिला मंडल द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में ग्रामवासियों और छोटे-छोटे बालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भजनों पर झूमते हुए भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
महिला मंडल के सानिध्य में आयोजित भजन संध्या में भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। शनिवार शाम हनुमान चालीसा पाठ और आरती के बाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई। गांव की महिलाओं ने सर्वप्रथम हनुमान दादा का ध्यान करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिन पर उपस्थित श्रद्धालु झूमकर नाचे और भक्ति में लीन रहे।
जय अंबे नवयुवक मंडल के सचिव हसमुख पानेरी ने बताया कि कटेवड़ी गांव के माताजी मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ करवाने का श्रेय खेरवाड़ा निवासी धर्मप्रेमी समाजसेवी बजरंग अग्रवाल को जाता है। उन्होंने 15 जुलाई, 2023 को प्रथम शनिवार से हनुमान चालीसा पाठ शुरू करवाया था। इसके बाद से वे प्रत्येक शनिवार को सायंकालीन हनुमान चालीसा पाठ में अपने पोते अभय अग्रवाल के साथ निरंतर भाग ले रहे हैं। धर्म की अलख जगाने के उद्देश्य से वे इस धार्मिक आयोजन में अपनी संपूर्ण आहुति दे रहे हैं।
मंदिर की पुजारिन जसुदेवी पानेरी ने प्रवचन के दौरान समस्त ग्रामवासियों से सनातन हिंदू धर्म को जीवित रखने के लिए प्रत्येक गांव में विशेष रूप से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने छोटे-छोटे बालक-बालिकाओं को धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से संस्कारित करने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर गांव के समाजसेवी मुखी कोदरलाल, भगवान पटेल, वेलचंद, मांगीलाल, जितेन्द्र पानेरी, देवीलाल, पन्नालाल और रमेश सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ करवाने में विशेष भूमिका निभाने वाले बजरंग अग्रवाल और उनके पोते अभय अग्रवाल का समस्त ग्रामवासियों, महिला मंडल तथा जय अंबे नवयुवक मंडल के सचिव हसमुख पानेरी ने शब्द-सुमनों से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भजन संध्या को सफल बनाने में जय अंबे नवयुवक मंडल के सचिव हसमुख पानेरी, कार्यक्रम संयोजक एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल पटेल, संरक्षक साकरचंद, राहुल, कपील सहित मंडल के अन्य सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा। भजन संध्या में महिला मंडल की सदस्यों और छोटे-छोटे बालकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद रात में उपस्थित ग्रामवासियों और सभी भक्तजनों को गांव के दानदाताओं की ओर से सगारी चेवड़ा प्रसादी के रूप में वितरित किया गया। अंत में मंडल के सचिव हसमुख पानेरी ने महिला मंडल ग्रुप, नवयुवक मंडल, उपस्थित सभी सनातन धर्मप्रेमियों और प्रसादी के दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। कटेवड़ी में 171 शनिवार से निरंतर जारी हनुमान चालीसा पाठ की पूर्णता के अवसर पर आयोजित इस भजन संध्या में ग्रामीणों की सहभागिता और धार्मिक आयोजन के प्रति उनकी आस्था देखने को मिली।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
