Kherwada News: खेरवाड़ा के जैन मंदिर में वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव 28 व 29 नवंबर से शुरू
राजस्थान के खेरवाड़ा स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दो दिवसीय भव्य वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें मूर्ति स्थापना और हवन जैसे अनुष्ठान होंगे।

खेरवाड़ा के जैन समाज अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव की बैठक को संबोधित करते दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा। तहसील रोड स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में 28 एवं 29 नवंबर को दो दिवसीय भव्य वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मंदिर के जीर्णोद्धार के निमित्त होने वाले इस धार्मिक आयोजन में मूर्ति स्थापना, हवन एवं विधान सहित विभिन्न अनुष्ठान प्रतिष्ठाचार्य सुधीर मार्तंड के सानिध्य में संपन्न होंगे।
प्रतिष्ठाचार्य सुधीर मार्तंड ने बताया कि नवनिर्मित या जीर्णोद्धार की गई वेदी और उसमें स्थापित होने वाली जिनबिम्ब (प्रतिमाओं) को विधिवत मंत्रोच्चार एवं धार्मिक क्रियाओं के माध्यम से शुद्ध और चैतन्य किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत वेदी प्रतिष्ठा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
स्थानीय जैन समाज के अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी एवं महामंत्री भूपेंद्र जैन ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव के दौरान ध्वजदंड परिवर्तन का धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर समाज की जनरल बैठक अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में इस अत्यंत पवित्र और मांगलिक धार्मिक अनुष्ठान को पूरे विधि-विधान एवं धार्मिक संस्कारों के साथ संपन्न कराने के लिए समाजजनों से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
महोत्सव के प्रथम दिन 28 नवंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 29 नवंबर को मूर्ति स्थापना, ध्वजदंड परिवर्तन एवं पूर्णाहुति के साथ दो दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन होगा। इस दौरान वेदी प्रतिष्ठा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम प्रतिष्ठाचार्य सुधीर मार्तंड के सानिध्य में संपन्न होंगे।
बैठक में समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल एवं युवा परिषद के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समाज की सहभागिता से महोत्सव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। फोटो में समाज अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी बैठक को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
