खेरवाड़ा में ग्राम सेवा शिविर: ग्रामीणों को मिली सरकारी योजनाओं की राहत
खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत छाणी में आयोजित शिविर में 22 विभागों ने विभिन्न प्रमाण पत्रों और विभागीय स्वीकृतियों का मौके पर ही निस्तारण किया।

खेरवाड़ा के ग्राम सेवा शिविर में अधिकारी एक ग्रामीण महिला को दस्तावेज सौंपते हुए।
खेरवाड़ा। नयागांव पंचायत समिति की ग्राम पंचायत छाणी स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में आयोजित ग्राम सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत भरा साबित हुआ। उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों का मौके पर ही समाधान किया। शिविर में विकास अधिकारी चंदू लाल, शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार हिम्मत राम पटेल, भाजपा उपखंड संयोजक ममता मीणा, भाजपा खेरवाड़ा मण्डल अध्यक्ष हेमंत मेहता, पंचायत के जनप्रतिनिधि, प्रशासक खेमराज पारगी, ग्राम विकास अधिकारी सुशीला तथा भाजपा मंडल के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजस्व विभाग से संबंधित मामलों में शिविर के दौरान तत्परता दिखाते हुए 9 नामांतरण, 2 शुद्धिकरण, 54 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, 9 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, 1 जॉब कार्ड, 2 पट्टे जारी करने के साथ ही सीमा ज्ञान, रजिस्ट्री, भूमि आवंटन, भवन निर्माण स्वीकृति एवं शौचालय निर्माण के लिए गड्ढों की स्वीकृतियों जैसे महत्वपूर्ण प्रकरणों का निस्तारण किया गया। चिकित्सा विभाग की ओर से जन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता प्रदर्शित करते हुए बीपी एवं शुगर जांच, ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, बच्चों का टीकाकरण और टीबी की जांच की गई। इस दौरान आयुर्वेद परामर्श सेवाएं 18 व्यक्तियों को तथा होम्योपैथी सेवाएं 54 ग्रामीणों को प्रदान की गईं। पशुपालन विभाग ने भी सक्रियता दिखाते हुए 68 पशुओं का उपचार किया और मंगला पशु बीमा योजना से संबंधित 16 कार्यों को संपादित किया। कृषि विकास को गति देने के उद्देश्य से शिविर में उन्नत किस्म के मक्का बीज के मिनीकिट भी वितरित किए गए। शिविर में अधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्र वितरित कर ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। यह आयोजन ग्रामीण विकास और शासन की योजनाओं को सीधे जन-जन तक पहुँचाने में एक प्रभावी माध्यम सिद्ध हुआ।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
