खेरवाड़ा बस स्टैंड पर गणपति नवयुवक मंडल की ओर से आयोजित 18वें गणेश उत्सव के तहत बुधवार रात महा आरती के बाद गरबा रास का आयोजन किया गया। आचार्य कृष्ण चंद्र उपाध्याय के निर्देशन में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में गणेश भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महा आरती के पश्चात गरबा रास शुरू हुआ, जिसमें युवाओं के साथ महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान नन्हें बालकों के लिए नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।



आयोजन के दौरान गणपति नवयुवक मंडल की ओर से 151 किलो दूध की खीर का प्रसाद तैयार किया गया और श्रद्धालुओं में नि:शुल्क वितरित किया गया। खीर बनाने का कार्य आयोजकों ने शाम से ही पूरी लगन और मेहनत के साथ शुरू कर दिया था। विशाल मात्रा में तैयार की गई खीर को श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में ग्रहण कर धर्मलाभ लिया।

गरबा रास के दौरान गणेश उत्सव स्थल पर देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा। आयोजन में सैकड़ों गणेश भक्त मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में गणपति नवयुवक मंडल के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story