खेरवाड़ा: पांच ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित सरपंचों ने संभाला पदभार
पहाड़ा, थाना, राणावाड़ा समेत पांच ग्राम पंचायतों में नए नेतृत्व ने ग्रामीण विकास, शिक्षा और पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई है।

खेरवाड़ा की नयागांव पंचायत समिति की पांच ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित सरपंचों ने पदभार संभाला।
खेरवाड़ा। नयागांव पंचायत समिति की पांच ग्राम पंचायतों में शनिवार को नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पदभार ग्रहण कर ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी संभाली। पहाड़ा, थाना, राणावाड़ा, बंजारवाड़ा और असारीवाड़ा ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित सरपंचों एवं वार्ड पंचों के पदभार ग्रहण करने पर स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
पहाड़ा ग्राम पंचायत में नाना लाल गरासिया, थाना में निर्मला देवी, राणावाड़ा में मनीषा देवी और बंजारवाड़ा में आशा देवी ने सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के उपसरपंचों एवं नव निर्वाचित वार्ड पंचों ने भी पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण समारोहों में ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंचों, उपसरपंचों और वार्ड पंचों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही ग्राम पंचायतों के वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर नाना लाल गरासिया, मनीषा देवी, निर्मला देवी, चंद्रिका देवी और आशा देवी ने अपने संबोधन में सभी को साथ लेकर ग्राम पंचायतों के गांवों का सर्वांगीण विकास करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने शिक्षा, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यक्रमों में पांचों ग्राम पंचायतों के पूर्व सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी, ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में आभार व्यक्त किया गया। नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पदभार ग्रहण के साथ ही पांचों ग्राम पंचायतों में नई नेतृत्व टीम ने ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी संभाल ली है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
