करावाड़ा में श्रद्धा और उल्लास से निकला मोहम्मदी जुलूस, दरगाह पर मांगी अमन की दुआ
करावाड़ा में ईद मिलादुन्नबी पर मोहम्मदी जुलूस निकला और हजरत इब्राहिम शाह वली दरगाह पर चादर चढ़ाई गई। उर्स के दौरान अमन, भाईचारे और अच्छी बारिश के लिए विशेष दुआ की गई।

तस्वीर में खेरवाड़ा के पारंपरिक मार्ग पर हरे झंडों और लाउडस्पीकर से सजे वाहन के साथ आगे बढ़ता हुआ मोहम्मदी जुलूस दिखाई दे रहा है।
खेरवाड़ा, ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सुन्नी मुस्लिम जमात करावाड़ा की ओर से मोहम्मद साहब के जन्मदिवस को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस मौके पर सूफी मस्जिद से मोहम्मदी जुलूस निकाला गया, जो नात और धार्मिक नारों के साथ पारंपरिक मार्गों से गुजरते हुए हजरत इब्राहिम शाह वली दरगाह पहुंचा। यहां चादर और फूल चढ़ाकर देश-दुनिया में शांति, आपसी भाईचारे और अच्छी बारिश के लिए दुआ की गई।
इसी दिन हजरत इब्राहिम शाह वली दरगाह का वार्षिक उर्स भी श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने दरगाह पर चादर और फूल चढ़ाए तथा सामूहिक भोजन का आयोजन किया। दरगाह परिसर में समिति की ओर से व्यवस्थाएं संभाली गईं। गांव में आकर्षक रोशनी एवं सजावट की गई, जिसमें स्थानीय युवाओं ने ताहिर मकरानी के नेतृत्व में सहयोग किया।
दरगाह पर सूफी मस्जिद के दोनों इमाम मौलाना वारिस अकबरी एवं मौलाना इलियास अकबरी ने देश-दुनिया में शांति, आपसी भाईचारे और अच्छी बारिश के लिए विशेष प्रार्थना की। जुलूस के मार्ग में स्थानीय लोगों ने पानी, नाश्ता एवं प्रसाद वितरित कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
ईद मिलादुन्नबी कार्यक्रम के तहत इससे पहले लगातार 10 दिनों तक सूफी मस्जिद में मिलाद की विशेष सभाएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों ने नात एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि धर्मगुरुओं और कवियों ने धार्मिक विचार रखे।
सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष हाजी रशीद मकरानी ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। सचिव फरीद मोहम्मद मकरानी ने बताया कि पूरे आयोजन में समाजजनों और श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अलफेज मकरानी एवं वसीम अजलान मकरानी की टीम ने सहयोग किया।
जुलूस के दौरान थाना पहाड़ा के सीआई राजेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। यह जानकारी मुस्लिम समाज के मीडिया प्रभारी मुबाशिर मकरानी ने दी। आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, सामुदायिक सहभागिता और अमन की दुआ के साथ ईद मिलादुन्नबी एवं दरगाह का वार्षिक उर्स श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
