खेरवाड़ा तहसील की ग्राम पंचायत कानपुर स्थित चिकलवास गांव में आयोजित तीन दिवसीय सीपीएल-1 क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ। टूर्नामेंट के अंतिम पड़ाव में एम जे हॉस्पिटल की टीम ने एकतरफा मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर अपना नाम अंकित कराया। प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के बीच हुआ, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों ने अपने कौशल का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता का आगाज सेमीफाइनल मुकाबलों से हुआ, जिसमें पहले मैच में एम जे हॉस्पिटल ने वी आर पैंथर को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में लक्षित क्लब ने आर पी राजस्थान पुलिस क्लब, थाना बावलवाड़ा को पराजित कर खिताबी दौड़ में अपनी जगह बनाई। फाइनल मुकाबला आर पी क्लब और एम जे हॉस्पिटल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आर पी क्लब निर्धारित 8 ओवरों में केवल 52 रन ही बना सका और 7 विकेट गंवा दिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एम जे हॉस्पिटल की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 3.4 ओवर में ही एक विकेट खोकर जीत सुनिश्चित कर ली।

पुरस्कार समारोह में व्यक्तिगत और सामूहिक उपलब्धियों को सराहा गया। एम जे हॉस्पिटल के जयु भील को उनकी उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए 'मैन ऑफ द सीरीज' और 'बेस्ट बल्लेबाज' के खिताब से नवाजा गया। गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए वी आर पैंथर के रितिक मोडिया 'बेस्ट बॉलर' बने। मैच के दौरान कातरवास कलां के अमृत कटारा को 'बेस्ट निर्णायक' के रूप में सम्मानित किया गया। विजेता टीम को 10,001 रुपये और उपविजेता को 7,001 रुपये की नकद राशि व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

इस आयोजन के सूत्रधार जयु भील, अजय, रितिक एवं कैलाश रहे, जबकि मंच का सफल संचालन रणछोड़ पीटीआई ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नरेश खराड़ी, रमेश कुमार, पन्नालाल, हिम्मत सिंह एवं वीरेंद्र कुमार ने शिरकत की। समस्त ग्रामवासियों के सक्रिय सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं की प्रतिभा को एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य में पूर्णतः सफल रही।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story