खेरवाड़ा में बुधवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्देश, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेश तथा विधायक डॉ. दयाराम परमार के निर्देशन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा की ओर से उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की गई।

धरने को संबोधित करते हुए देहात जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कान्तिलाल पटेल, संगठन महासचिव प्रदीप भणात, अमृतलाल सालवी, कोषाध्यक्ष भरत जैन, महासचिव रतन लिम्बात, पाटिया मंडल अध्यक्ष केशवलाल खराड़ी तथा नवाघरा मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गरासिया सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से देश के युवाओं और विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा विरोध दर्ज कराने पर उन पर लाठीचार्ज कर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों के न्याय और उनके अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

धरना-प्रदर्शन में देहात जिला कांग्रेस के महासचिव पन्नालाल परमार, ओबीसी प्रकोष्ठ सचिव लोकेश बसेर, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक मकरानी, महासचिव बाबूलाल अहारी, पूर्व सरपंच शंभूलाल खराड़ी, चितौड़ा मंडल अध्यक्ष लिम्बाराम गरासिया, जवास मंडल अध्यक्ष थावरचंद डामोर, पूर्व जिला परिषद सदस्य मुन्नी देवी मेघवाल सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

धरना-प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई, छात्रों से जुड़े मुद्दों के समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को प्रमुखता से उठाया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story