खेरवाड़ा सीएचसी में अंतर्राष्ट्रीय किशोर सप्ताह पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, किशोरों की हुई बीएमआई जांच
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा में अंतर्राष्ट्रीय किशोर सप्ताह के दौरान किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

खेरवाड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय किशोर सप्ताह एवं किशोर स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विजेता किशोर-किशोरियों को पुरस्कार वितरित करते चिकित्सा अधिकारी।
खेरवाड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय किशोर सप्ताह एवं किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ किशोर, बढ़ेंगे प्रगति की ओर” रही। इस दौरान किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में किशोर-किशोरियों को उजाला क्लिनिक की सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों का हीमोग्लोबिन टेस्ट किया गया तथा उनकी लंबाई और वजन मापकर बीएमआई की जांच की गई। किशोरों में स्वास्थ्य, पोषण एवं शारीरिक विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले किशोर-किशोरियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के काउंसलर मनोज कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने पोषण के सात प्रमुख पोषक तत्वों, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, एनीमिया से बचाव, माहवारी स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और संक्रामक रोगों से बचाव के विषय में विस्तार से बताया। इसके अलावा किशोर-किशोरियों को टेली-मानस सेवा एवं किशोर हेल्पलाइन के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गोयल, एलएचवी उषा गोयल, एएनएम रंजना जोशी एवं गौरव टेलर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी, पोषण, स्वच्छता और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं से परिचित कराया गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
