खेरोदा कस्बे में पंच, सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों के समर्थन में प्रमुख नेताओं की जनसभाओं और जनसंपर्क अभियानों से चुनावी माहौल गरमा गया है। इसी कड़ी में चित्तौड़गढ़ सांसद चंद्र प्रकाश जोशी के खेरोदा आगमन पर भाजपा की जनसभा आयोजित की गई। वहीं कांग्रेस और कुबेर सेना ने भी अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार तेज कर दिया है। जनसभाओं में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद सी.पी. जोशी ने आगामी चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी प्रकाश मेघवाल और जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी घनश्याम मेनारिया के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समर्पित एवं सक्रिय जनप्रतिनिधियों का चुना जाना बेहद आवश्यक है।

अपने संबोधन में सांसद जोशी ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां समाज के हर वर्ग को सशक्त बना रही हैं और विकास कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर घर-घर जनसंपर्क करने और भाजपा प्रत्याशियों की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेने को कहा।

कांग्रेस ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी है। पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने क्षेत्र में सघन प्रचार करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी अनिल मेघवाल और जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी दुर्गा शंकर मेनारिया को विजयी बनाने की अपील की। दूसरी ओर, कुबेर सेना से पूर्व प्रधान कुबेर सिंह चावड़ा अपनी पूरी टीम के साथ मैदान में उतरे। उन्होंने कुबेर सेना के प्रत्याशी श्याम लाल खटीक के समर्थन में जनसंपर्क कर मतदाताओं से उनके पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।

जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों के साथ ग्राम पंचायत स्तर पर भी मुकाबला तेज हो गया है। सरपंच पद के उम्मीदवार भेरू लाल मेनारिया, दिनेश जनवा पटेल, राजेंद्र बोकड़िया और सुरेश मेहता सहित 15 वार्डों के वार्ड पंच पद के प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए दिन-रात घर-घर संपर्क कर रहे हैं। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 22 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और पंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।

मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही खेरोदा में चुनावी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। गांव के मुख्य चौराहों, नुक्कड़ों, चाय की थड़ियों और होटलों पर सुबह से देर रात तक प्रत्याशियों की जीत-हार, चुनावी समीकरणों और विकास के मुद्दों को लेकर चर्चा हो रही है। ग्रामीण अपनी पसंद और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर राय रख रहे हैं। ऐसे में खेरोदा में जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं।

Budhi prakash parashar (Udaipur)

Budhi prakash parashar (Udaipur)

नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार

परिचय 

बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:

  • वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
  • उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।

Next Story