खेरोदा कस्बे में चल रहे पावन परिवर्तन चातुर्मास के दौरान जैन स्थानक भवन में मेवाड़ उप प्रवर्तक गुरुदेव कोमल मुनि म.सा. ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पराई पीड़ा दूर करने में ही सच्ची मानवता निहित है। दूसरों के दुख-दर्द को देखकर यदि हृदय में संवेदना नहीं जागती, तो मनुष्य रूप में भी वह दानवता (दनुजता) का प्रतीक है।

गुरुदेव कोमल मुनि म.सा. ने कहा कि यह संसार जीव का स्थायी घर नहीं, बल्कि केवल एक प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) है। आत्मा का असली और अंतिम घर केवल मोक्ष है। यदि जीव इस अस्थायी संसार को ही अपना घर मान लेता है, तो वह चौरासी लाख योनियों के भव-चक्र में उलझकर भटकता रहता है।

उन्होंने आसक्ति और अनासक्ति के भेद को स्पष्ट करते हुए कहा कि जीवन में अनासक्त भाव होना अनिवार्य है। जैसे धात्री माता बच्चे का पालन-पोषण पूरी निष्ठा से करती है, लेकिन उसमें मोह नहीं रखती, उसी प्रकार मनुष्य को संसार में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अनासक्त रहना चाहिए।

गुरुदेव ने कहा कि आत्मा हर योनि में संरक्षण खोजती रही, लेकिन उसे सच्चा समभाव नहीं मिला। जब तक जीवन में समभाव, सरलता और समर्पण नहीं आएगा, तब तक शांति और आनंद की प्राप्ति असंभव है। उन्होंने भौतिक दिखावे और धन-संपत्ति को क्षणभंगुर बताते हुए कहा कि जीवन ओस की बूंद के समान है। काल आने पर सोना-चांदी भी रक्षा नहीं कर पाते। इसलिए दिखावा छोड़कर समभाव और भक्ति का मार्ग अपनाना चाहिए।




धर्मसभा में अध्ययनशील, सेवारत्न हर्षित मुनि जी म.सा. ने वैराग्य की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिसका वैराग्य दृढ़ और प्रबल होता है, उसे दुनिया की कोई भी शक्ति संयम पथ से नहीं रोक सकती। प्रबल भावना के बल पर जीव संकटों से भी उबर आता है।

उन्होंने इतिहास का प्रेरक दृष्टांत देते हुए बताया कि सिर पर गंभीर चोट लगने के बावजूद एक मुमुक्षु बहन ने उसी दिन दीक्षा अंगीकार कर दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया था।

खेरोदा जैन स्थानक भवन में हुए इस धर्मसभा के दौरान गुरुदेव कोमल मुनि म.सा. और हर्षित मुनि जी म.सा. ने मानव जीवन में संवेदना, अनासक्ति, समभाव, वैराग्य और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story