खेरोदा कस्बे में मेवाड़ संघ शिरोमणि पूज्य गुरुदेव श्री अम्बालाल म.सा. के सुशिष्य श्रमणसंघीय उप प्रवर्तक गुरुदेव कोमल मुनि म.सा. एवं हर्षित मुनि म.सा. का वर्ष 2026 के ‘पावन परिवर्तन चातुर्मास’ के लिए बुधवार को भव्य एवं मंगलमय प्रवेश हुआ। इस अवसर पर संपूर्ण खेरोदा क्षेत्र गुरुदेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मेवाड़ संघ के हजारों श्रावक-श्राविकाओं की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस पावन प्रवेश कार्यक्रम ने दिव्यता और भव्यता का विशेष वातावरण निर्मित किया।

मंगल प्रवेश कार्यक्रम के सफल एवं कुशल संचालन में अध्यक्ष सुनील कूकड़ा, मंत्री मुकेश डांगी तथा अरविंद बडाला सहित अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुरुदेव के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए देश-विदेश और विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खेरोदा पहुंचे। कार्यक्रम में मुंबई, भीलवाड़ा, बेंगलुरु, गुजरात, ब्यावर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, अहमदाबाद, दिल्ली, मंगलवाड़, फतहनगर, वल्लभनगर, मावली, कुंवारिया, ईटाली सहित अनेक स्थानों से श्रावक-श्राविकाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

श्रमणसंघीय उप प्रवर्तक गुरुदेव कोमल मुनि म.सा. आदि ठाणा 2 ने अपने उद्बोधन में सभी को मंगल चातुर्मास की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी धर्म-ध्यान, तप-त्याग, ज्ञान-दर्शन और चरित्र के क्षेत्र में उत्तरोत्तर प्रगतिशील रहकर नित्य नए कीर्तिमान स्थापित करें। उन्होंने सभी के सदैव स्वस्थ रहने तथा संघ के समृद्धिशाली बनने की मंगलकामना भी व्यक्त की।

कार्यक्रम में संघ के विभिन्न विशिष्ट एवं सम्मानित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह अध्यक्ष के रूप में भेरूलाल लोढ़ा अध्यक्ष, मेवाड़ संघ-वाटी, मुंबई उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में सुरेंद्र सिंह सांखला रामगढ़-ब्यावर, समारोह प्रमुख रमेश, निर्मल, मनसुख लोढ़ा खमनोर-मुंबई, ध्वजारोहणकर्ता महेंद्र पगारिया रेलमगरा-मुंबई, समारोह सिरोमणि उमराव सिंह ओस्तवाल मंगलवाड़-मुंबई, समारोह रत्न अशोक कोठारी विधायक-भीलवाड़ा, समारोह कोहिनूर सुरेंद्र आंचलिया निम्बाहेड़ा-बेंगलोर तथा समारोह भूषण पारस मल बापना भीमगढ़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इसके साथ ही महिला गौरव श्रीमती कंचन संघवी, महिला रत्न श्रीमती सीमा घणोलिया एवं महिला भूषण श्रीमती प्रेम देवी पोखरना सहित अनेक गणमान्य समाजसेवियों ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। मंगल भावनाओं के साथ कार्यक्रम का धर्ममय समापन हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story