धर्मनगरी खेरोदा में चल रहे पावन परिवर्तन चातुर्मास के अंतर्गत रविवार, 23 अगस्त 2026 को जैन भागवती दीक्षा महामहोत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। आचार्य भगवंत डॉ. शिवमुनि म.सा. एवं युवाचार्य महेंद्र ऋषि म.सा. के पावन आशीर्वाद से आयोजित समारोह में मेवाड़ उप प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव कोमल मुनि म.सा. ‘करुणाकर’ ने मुमुक्षु कांतिलाल गांधी निवासी आकोला, बेंगलूरु को सांसारिक मोह-माया का त्याग कराकर संयम पथ की दीक्षा प्रदान की। दीक्षा के बाद नवदीक्षित मुनि का नाम ‘अरुण मुनि म.सा.’ रखा गया। इस ऐतिहासिक प्रसंग में सेवाभावी हर्षित मुनि म.सा. का भी पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।

दीक्षा समारोह से पूर्व खेरोदा में मुमुक्षु कांतिलाल गांधी का भव्य वरघोड़ा निकाला गया। जैन स्थानक भवन से शुरू हुई शोभायात्रा बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ जैन मंदिर, सदर बाजार, बस स्टैंड, विद्यालय मार्ग और होली चौक होते हुए राजश्री वाटिका पहुंची। वरघोड़े में श्रावक-श्राविकाएं भक्ति गीतों पर झूमते-नाचते हुए जयकारे लगाकर शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मुमुक्षु कांतिलाल गांधी का अक्षत-तिलक से भावभीना स्वागत किया और दीक्षा के अनुमोदन में जयघोष किया।



दीक्षा के इस अलौकिक अवसर का साक्षी बनने के लिए मेवाड़ क्षेत्र के 52 गांवों से हजारों श्रद्धालु खेरोदा पहुंचे। समारोह में राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी और समाजसेवी हिम्मत सिंह झाला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह की अध्यक्षता इंद्रमल व विनोद बड़ाला ने की। पुखराज मेहता मुख्य अतिथि, तरुण ओस्तवाल ध्वजारोहण कर्ता, कालूलाल सिंघवी ‘समारोह गौरव’ तथा श्यामलाल नलवाया ‘युवा गौरव’ के रूप में मंचस्थ रहे।



श्री वर्द्धमान जैन श्रावक संस्थान के अध्यक्ष सुनील कूकड़ा, मंत्री मुकेश डांगी, कोषाध्यक्ष नरेश कोठारी, चातुर्मास कोषाध्यक्ष राजेंद्र बोकड़िया और चातुर्मास संयोजक अरविंद बड़ाला सहित समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के कुशल प्रबंधन से दीक्षा महामहोत्सव निर्विघ्न और अभूतपूर्व रहा।

महोत्सव के समापन पर सकल जैन समाज और गुरुभक्तों ने नवदीक्षित मुनि श्री अरुण मुनि जी म.सा. के संयमी जीवन की मंगल कामना करते हुए उनके चरणों में वंदन किया। खेरोदा में आयोजित यह दीक्षा समारोह मुमुक्षु कांतिलाल गांधी के सांसारिक जीवन से संयम पथ की ओर प्रस्थान का साक्षी बना।

Budhi prakash parashar (Udaipur)

Budhi prakash parashar (Udaipur)

नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार

परिचय 

बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:

  • वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
  • उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।

Next Story