खेरोदा | वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के खेरोदा कस्बे में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकरण का सपना तो पूरा हो गया, लेकिन धरातल पर बुनियादी सुविधाओं की कमी ने सरकार के दावों की पोल खोल दी है। कस्बे में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का नया भवन आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। अस्पताल की चकाचौंध वाली इमारत के चारों ओर न तो सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल है और न ही एम्बुलेंस के सुगम आवागमन के लिए पक्की सड़क, जिसके चलते मरीजों और स्टाफ की जान जोखिम में बनी हुई है।

अस्पताल परिसर में चिकित्सा सेवाएं तो विधिवत रूप से संचालित की जा रही हैं, लेकिन सुरक्षा घेरा नहीं होने से यहाँ दिन-रात आवारा पशुओं का डेरा लगा रहता है। इतना ही नहीं, रात के समय बाउंड्रीवाल के अभाव में असामाजिक तत्वों की आवाजाही अस्पताल परिसर में असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही है। स्थिति इतनी विकट है कि अस्पताल तक पहुँचने वाला मार्ग ऊबड़-खाबड़ और कच्चा है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में जब कोई एम्बुलेंस गंभीर मरीज को लेकर यहाँ पहुँचती है, तो झटकों और धूल भरे रास्ते के कारण मरीज की स्थिति और अधिक बिगड़ने का अंदेशा बना रहता है।

समस्या की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय ग्रामीणों और सजग जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को लेकर हुंकार भरी है। क्षेत्रवासियों ने वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी से सीधा संवाद कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया है। ग्रामीणों ने विधायक से पुरजोर मांग की है कि नवनिर्मित भवन की सुरक्षा के लिए तत्काल बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाए और अस्पताल परिसर को जोड़ने वाली पक्की सड़क स्वीकृत की जाए। बुद्धि प्रकाश पाराशर ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं वाले इस भवन का लाभ तब तक पूर्ण रूप से नहीं मिल पाएगा, जब तक कि यहाँ सुरक्षा और पहुँच मार्ग दुरुस्त नहीं होते।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक ओर सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर खेरोदा जैसे महत्वपूर्ण केंद्र पर बुनियादी ढांचे की अनदेखी की जा रही है। अब सबकी निगाहें विधायक उदयलाल डांगी पर टिकी हैं कि वे कब तक बजट आवंटित करवाकर इन कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करवाते हैं। यदि समय रहते सड़क और सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं हुआ, तो यह भव्य भवन केवल एक शो-पीस बनकर रह जाएगा और जनता को मिलने वाली राहत मात्र कागजों तक सीमित रहेगी।

Budhi prakash parashar (Udaipur)

Budhi prakash parashar (Udaipur)

नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार

परिचय 

बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:

  • वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
  • उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।

Next Story