खेरोड़ा, 27 दिसंबर 2025। वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता रणधीर सिंह भीण्डर ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर क्षेत्र की पंचायत समितियों में विकास कार्यों में हो रही देरी और संभावित भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

रणधीर सिंह भीण्डर ने पत्र में बताया कि वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ तीन पंचायत समितियां आती हैं। इन पंचायत समितियों में करोड़ों रुपये की राशि उपलब्ध होने के बावजूद जनहित के विकास कार्य स्वीकृत नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत समितियों के प्रधानों द्वारा आदेश दिए जाने के बाद भी संबंधित विकास अधिकारी दो माह बीत जाने के बावजूद कार्य स्वीकृत नहीं कर रहे हैं।

पूर्व विधायक ने पत्र में यह भी कहा कि संबंधित अधिकारियों की मंशा यह रही कि प्रधानों के कार्यकाल समाप्त होने तक निधि रोककर रखी जाए, ताकि बाद में सुविधा अनुसार स्वीकृतियां जारी कर कमीशन लेने में कोई बाधा न आए। रणधीर सिंह भीण्डर ने कहा कि हाल ही में भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई कार्रवाई से कुछ अधिकारी सतर्क जरूर हुए हैं, लेकिन भविष्य में फिर से ऐसी गतिविधियों की आशंका बनी हुई है।

इस पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रत्येक पंचायत समिति में पंचायत समिति सदस्यों को शामिल कर एक निगरानी समिति का गठन किया जाए, जो जनहित के विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाए और भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाए। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कदम उठाएगी, जिससे क्षेत्र में विकास कार्य सुचारू रूप से हो सकें और आमजन को राहत मिले।

इस कदम से न केवल विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, बल्कि पंचायत समितियों में जनहित और भ्रष्टाचार नियंत्रण दोनों ही क्षेत्रों में सुधार की उम्मीद बढ़ेगी।

Budhi prakash parashar (Udaipur)

Budhi prakash parashar (Udaipur)

नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार

परिचय 

बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:

  • वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
  • उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।

Next Story