पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जनजागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, खेरोदा के विद्यार्थियों ने गुरुवार को एक प्रेरणादायी जागरूकता रैली निकाली। विभागीय निर्देशों के तहत आयोजित इस रैली में कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 110 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक उपयोग में कमी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज को संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य रीता त्रिवेदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। अनुशासित कतार में चल रहे विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण के नारे लगाते हुए पुलिस स्टेशन, बस स्टैंड, मुख्य बाजार, होली चौक और डाकघर जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों से होकर दुदेला तालाब पहुंचे। पूरे मार्ग में रैली ने आमजन का ध्यान आकर्षित किया और संरक्षण के प्रति सकारात्मक संवाद को बढ़ावा दिया।

दुदेला तालाब परिसर में विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से वेटलैंड संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया। व्याख्याता दर्शन मेनारिया ने बताया कि खेरोदा के नागरिकों द्वारा वर्षों से इस तालाब को संरक्षित रखने के कारण वर्षा जल का संग्रह संभव हो सका है, जिससे यहां पक्षियों की अनेक प्रजातियां स्वच्छंद रूप से विचरण कर रही हैं। उन्होंने साइबेरिया और मंगोलिया जैसे शीत प्रदेशों से आने वाले प्रवासी पक्षियों के ब्रीडिंग और फीडिंग ग्राउंड के प्रवास पैटर्न की भी विस्तार से जानकारी दी।

व्याख्याता प्रिया रजक ने जलीय वनस्पतियों के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि अंजलि मीणा ने भौगोलिक दृष्टि से संरक्षण की पारंपरिक पद्धतियों की चर्चा की। वरिष्ठ अध्यापक नवीन भट्ट ने देशी पादप प्रजातियों और औषधीय जड़ी-बूटियों की पहचान एवं उपयोग के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। उप प्राचार्य चंद्र प्रकाश आचार्य ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जलाशय के आसपास फैले प्लास्टिक कचरे की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का प्रत्यक्ष उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। यह रैली न केवल एक शैक्षणिक गतिविधि रही, बल्कि आने वाली पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में सामने आई।

Budhi prakash parashar (Udaipur)

Budhi prakash parashar (Udaipur)

नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार

परिचय 

बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:

  • वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
  • उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।

Next Story