खेरोदा सर्किल में जनगणना अभियान शुरू, प्रगणकों ने शुरू किया हाउस लिस्टिंग कार्य
खेरोदा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में मकानों का यूनिक नंबर आवंटन और नजरी नक्शा तैयार करने का कार्य शुरू, मोबाइल ऐप से होगी डिजिटल प्रविष्टि।

खेरोदा सर्किल में जनगणना अभियान के प्रथम चरण के दौरान क्षेत्र का नजरी नक्शा और हाउस लिस्टिंग कार्य करने के लिए एकत्रित हुए प्रगणक और स्थानीय टीम।
खेरोदा सर्किल क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित जनगणना अभियान के प्रथम चरण की औपचारिक शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत खेरोदा सर्किल के विभिन्न ग्रामों और वार्डों में नियुक्त प्रगणक अपने-अपने निर्धारित ब्लॉकों में पहुंचकर घर-घर सर्वे कार्य में जुट गए हैं। शुरुआती तीन दिनों में गणकों द्वारा मकानों की पहचान कर उन्हें यूनिक भवन नंबर आवंटित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मकान गणना एवं सूचीकरण हाउस लिस्टिंग का कार्य भी तेज गति से संचालित किया जा रहा है।
जनगणना के इस महत्वपूर्ण चरण में खेरोदा सर्किल क्षेत्रवार नजरी नक्शा अर्थात लेआउट मैप तैयार करने का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। प्रगणक अपने कार्यक्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, मुख्य मार्गों, गलियों और प्रमुख स्थलों का बारीकी से अंकन कर रहे हैं, ताकि आगामी चरणों में डेटा संकलन की प्रक्रिया बिना किसी त्रुटि के व्यवस्थित रूप से पूरी की जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस बार जनगणना प्रक्रिया को तकनीकी रूप से अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए मोबाइल ऐप आधारित ऑनलाइन प्रविष्टियों की तैयारी भी साथ-साथ की जा रही है। खेरोदा सर्किल के गणकों को विशेष तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जिससे वे मोबाइल ऐप के माध्यम से सटीक और त्वरित डेटा अपलोड कर सकें। प्रारंभिक तैयारियां पूर्ण होने के बाद अगले चरण में डिजिटल माध्यम से जनगणना का मुख्य कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए चार्ज अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा खेरोदा सर्किल में लगातार मॉनिटरिंग और औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले जनगणना कर्मियों का पूरा सहयोग करें और सही व सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, क्योंकि इसी विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं की रूपरेखा तय की जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
