फतहनगर। ग्राम पंचायत खेमपुर में शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित ग्राम सभा बैठक में गांव की करीब 20 बालिकाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्थानीय मुद्दों और अपनी समस्याओं को सामने रखा। विकल्प संस्थान की पहल पर शामिल हुई बालिकाओं ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को समझने के साथ गांव के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।

ग्राम विकास अधिकारी चेतन चौहान ने बालिकाओं को पंचायत व्यवस्था और ग्राम सभा की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे किस प्रकार ग्राम विकास अधिकारी के पद तक पहुंचे। उन्होंने बालिकाओं को ग्राम सभा में अपनी बात रखने और गांव के विकास से जुड़े मुद्दों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

ग्राम सभा के दौरान बालिकाओं ने गांव में पुस्तकालय की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी के समक्ष पंचायत स्तर पर पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस पर ग्राम विकास अधिकारी चेतन चौहान ने बालिकाओं से चर्चा करते हुए पुस्तकालय निर्माण और उसे उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक पहल को लेकर बातचीत की।

बैठक के दौरान पंचायत साथिन आशा सुथार ने बालिकाओं के साथ महावारी स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर संवाद किया। उन्होंने किशोरियों को महावारी के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखने, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी।

ग्राम सभा में ग्राम विकास अधिकारी चेतन चौहान, पंचायत साथिन आशा सुथार, आशा सहयोगिनी ममता सेन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिता मेघवाल, आंगनबाड़ी सहयोगी ममता जाट सहित विकल्प संस्थान से जितेंद्र एवं वैशाली सांखला ने सहभागिता निभाई।

बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी से ग्राम सभा में गांव के विकास के साथ किशोरियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद हुआ। पंचायत स्तर की बैठक में बालिकाओं की ओर से पुस्तकालय की मांग और स्वच्छता से जुड़े विषयों को सामने रखना ग्राम सभा में उनकी भागीदारी को रेखांकित करता है।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story