उदयपुर (वि.)। राष्ट्रीय स्तर के खेलों का उत्सव अब प्रदेश में पूरी भव्यता के साथ शुरू हो चुका है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 का राष्ट्रीय शुभारंभ समारोह सोमवार को जयपुर में आयोजित किया गया, जबकि उदयपुर में इस महाकुंभ का औपचारिक आगाज मंगलवार से होने जा रहा है।

जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी मल्टीपरपज इनडोर हॉल में मंगलवार से जूडो खेल प्रतियोगिताएं प्रारंभ होंगी। उद्घाटन समारोह सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी प्रतियोगी दल शामिल होंगे। जूडो की सभी टीमें उदयपुर पहुँच चुकी हैं और खेलों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

वहीं, बीच वालीबाल प्रतियोगिताएं 28 नवंबर से आयोजित की जाएंगी। इसके लिए सभी खेल सामग्री उदयपुर पहुंच चुकी है और मैदानों में रेती बिछाई, समतलीकरण, ऑफिस डोम व दर्शकों के बैठने की व्यवस्था पूरी की जा चुकी है। बिजली और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसके अलावा, 2 दिसंबर से कायकिंग और कैनोईंग स्पर्धाओं के लिए फतहसागर की पाल पर सभी तैयारीयां जारी हैं।

प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट निवास में जिला कलेक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगियों के आवास और भोजन व्यवस्था, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में यूडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य और जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 का उदयपुर में आगाज न केवल युवा खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करेगा, बल्कि शहर में खेलों की संस्कृति को भी मजबूती देगा। इन तैयारियों से यह सुनिश्चित किया गया है कि खेल आयोजन उच्च स्तर पर संपन्न हों और सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट अनुभव मिले।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story