फतहनगर। मेवाड़ अंचल के घासा क्षेत्र स्थित ग्राम खाम की मादड़ी में आयोजित 51 फीट ऊंची धर्म ध्वजा का रोहण महोत्सव गुरुवार को अपार श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से उमड़े हजारों श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर धर्म लाभ अर्जित किया।

यह आयोजन राज राजेश्वरी मठाधीश, घासा के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 श्री खेमपुरी जी बावजी के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल संत श्री खेमपुरी जी महाराज द्वारा 51 धूणा तपस्या के साथ हुआ, जिसके अंतर्गत विशेष धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से पूर्ण किए गए। अनुष्ठान की श्रृंखला में दोपहर 12:15 बजे 51 फीट ऊँची धर्म ध्वजा का विधिवत रोहण किया गया। ध्वजा के आकाश में लहराते ही समूचा क्षेत्र 'जय श्री राम' एवं 'हर हर महादेव' के गगनभेदी जयघोषों से गूंज उठा।

इस कार्यक्रम में विशिष्ट साधु-संतों का समागम रहा, जिसमें श्री गोपालपुरी जी छड़ीदार, मेवाड़ मंडल के आचार्य श्री चेतनानन्द गिरी जी, जुनावास मठ के महंत श्री शंकरपुरी जी एवं बेरण अखाड़ा के श्री प्रेमपुरी जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। संतों के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने हेतु श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। आयोजन की व्यापकता का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमें युवाओं, मातृशक्ति और ग्रामवासियों ने पूर्ण निष्ठा के साथ सहभागिता निभाई।

महोत्सव की पूर्व संध्या बुधवार को एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें संत श्री खेमपुरी जी बावजी ने भजनों की स्वरलहरी के बीच भक्तों को अपना आशीर्वचन प्रदान किया। रात्रि में आयोजित भव्य सत्संग ने धार्मिक वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक व अलौकिक बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने समस्त ग्रामवासियों, सनातन धर्म प्रेमियों एवं सहयोगकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धर्म, संस्कृति और हिन्दू एकता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।




Updated On
Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story