विकास कार्यों को गति देने के लिए लाखों रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी होने के बावजूद खैरवाड़ा क्षेत्र में खुटवाड़ा से चोरीवाड़ा सड़क निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। महीनों से निर्माण कार्य लंबित रहने के कारण स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

आधिकारिक अभिलेखों के अनुसार खैरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र एवं पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले खुटवाड़ा से चोरीवाड़ा सड़क निर्माण कार्य के लिए डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट, उदयपुर द्वारा 63 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस कार्य के लिए 13 जनवरी 2026 को वित्तीय स्वीकृति जारी की गई थी, जबकि तकनीकी स्वीकृति 31 दिसंबर 2025 को ही मिल चुकी थी।

निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सार्वजनिक निर्माण विभाग, खण्ड खैरवाड़ा को सौंपी गई है। सभी आवश्यक स्वीकृतियां और बजट उपलब्ध होने के बावजूद अब तक धरातल पर कार्य प्रारंभ नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति बदहाल बनी हुई है और निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से समस्या लगातार गहराती जा रही है।

भाणदा पंचायत के खूंटवाड़ा निवासी उप सरपंच चंदूलाल पटेल एवं ग्रामीणों ने बताया कि खुटवाड़ा से चोरीवाड़ा मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी सतह, उड़ती धूल और फैले पत्थरों के कारण आवागमन जोखिमभरा बन गया है। दुपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर आए दिन छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं तथा बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी परेशानी होती है।

इस संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विनय भूषण ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के लिए दो बार निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं, लेकिन एक से अधिक फर्मों द्वारा भागीदारी नहीं होने के कारण टेंडर स्वीकृत नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि अब तीसरी बार पुनः टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जैसे ही एक से अधिक फर्मों द्वारा निविदा प्रस्तुत की जाएगी, निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा।

वित्तीय एवं तकनीकी स्वीकृतियों के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्र के लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। अब ग्रामीणों की नजरें आगामी टेंडर प्रक्रिया पर टिकी हैं, जिससे लंबे समय से प्रतीक्षित इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को गति मिल सके।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story