उदयपुर (वि.)। श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक उत्साह से ओतप्रोत वातावरण में ओसवाल सभा महिला प्रकोष्ठ द्वारा पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित सकल जैन समाज की केसरिया जी यात्रा रविवार को भव्य रूप से संपन्न हुई। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि समाजिक एकता और महिला शक्ति के संगठित स्वरूप का जीवंत उदाहरण भी रही।

प्रातः 8:30 बजे उदयपुर से केसरिया जी के लिए रवाना हुई इस यात्रा में 65 महिलाएं और 15 पुरुष श्रद्धालु सम्मिलित हुए। यात्रा का शुभारंभ ओसवाल सभा अध्यक्ष प्रकाशचंद्र कोठारी और तेजसिंह भंडारी द्वारा जैन ध्वज दिखाकर किया गया। जैसे ही यात्रा आगे बढ़ी, भजन-कीर्तन और डांडिया की स्वर लहरियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

केसरिया जी पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य वरघोडा निकाला। सभी श्रद्धालु भक्ति गीतों के साथ झूमते हुए मुख्य मंदिर पहुंचे, जहाँ दर्शन, भक्ति और स्नात्र पूजा की गई। विशेष आकर्षण रहा 62 किलो लड्डू की प्रसादी का सामूहिक चढ़ावा, जिसने पूरे आयोजन को और भी पावन बना दिया। इसके पश्चात सामूहिक आरती संपन्न हुई, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने आत्मिक शांति और मंगलकामनाओं का संकल्प लिया।

महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती किरण पोखरना ने बताया कि यह यात्रा न केवल धार्मिक श्रद्धा का उत्सव थी, बल्कि समाज में एकता, भक्ति और नारी सशक्तिकरण का संदेश भी लेकर आई।

भक्ति और उल्लास से सराबोर यह यात्रा, श्रद्धालुओं के मन में आस्था और संतोष की अविस्मरणीय छाप छोड़ गई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story