उदयपुर। मेवाड़ के शौर्य, पराक्रम और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा सांगा की जयंती पर इस बार व्यापक स्तर पर नाराजगी सामने आई है। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा जयंती पर सार्वजनिक रूप से स्मरण नहीं किए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

नेतृत्व की अनदेखी पर करणी सेना का कड़ा रुख

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत (गढ़पुरा) ने कहा कि "महाराणा सांगा केवल मेवाड़ या राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष के गौरव हैं। उन्होंने अपने जीवन में अनेक युद्ध लड़े, शरीर पर असंख्य घाव सहे, लेकिन स्वाभिमान और धर्म की रक्षा के लिए अंतिम क्षण तक संघर्ष करते रहे।" उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत सहित राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व द्वारा इतनी महान विभूति की जयंती पर सार्वजनिक रूप से श्रद्धांजलि व्यक्त नहीं किया जाना अत्यंत खेदजनक है।

इतिहास और स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प

करणी सेना के संभाग अध्यक्ष लाल सिंह झाला ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि "यह केवल एक महापुरुष की नहीं, बल्कि पूरे गौरवशाली इतिहास और स्वाभिमान की अनदेखी है। समाज अपने पूर्वजों के सम्मान के प्रति सजग है और इस प्रकार की उपेक्षा किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं करेगा।" इस गंभीर मुद्दे पर संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी पूर्ण एकजुटता दिखाई। जिला प्रभारी गोकुल सिंह दुलावत ने कहा कि "समाज अपने वीरों का सम्मान करना भली-भांति जानता है।" जिला संरक्षक करण सिंह राठौड़ ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि "इतिहास के साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है।" वहीं ग्रामीण जिला अध्यक्ष भैरू सिंह राणावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि "ऐसे महान योद्धाओं की उपेक्षा किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"

समान सम्मान की मांग और आंदोलन की चेतावनी

संगठन ने संतुलित दृष्टिकोण रखते हुए यह भी कहा कि उसी दिन समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की जयंती पर अनेक नेताओं द्वारा श्रद्धांजलि दी गई, जो स्वागत योग्य है, लेकिन सभी महापुरुषों को समान रूप से सम्मान मिलना चाहिए। करणी सेना की उदयपुर संभाग एवं जिला टीम ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ऐसे वीरों की अनदेखी जारी रही तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। अंत में संगठन ने स्पष्ट किया कि यह किसी जाति या वर्ग का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र के इतिहास, स्वाभिमान और गौरव से जुड़ा विषय है, और देश के वीरों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story