करेल टोल प्लाजा पर फास्टैग सेंसर खराब, राजस्थान रोडवेज बस 15 मिनट रुकी
उदयपुर-सिरोही रूट पर तकनीकी खराबी के चलते बस रुकने से यात्री परेशान, टोल प्रबंधन की व्यवस्था पर उठे सवाल।

फलासिया के करेल टोल प्लाजा पर फास्टैग सेंसर में तकनीकी खराबी के कारण खड़ी राजस्थान रोडवेज की बस और परेशान यात्री।
उदयपुर से कोटड़ा, अंबाजी, आबू रोड और सिरोही रूट पर संचालित राजस्थान रोडवेज की बस को फलासिया तहसील स्थित करेल टोल प्लाजा पर फास्टैग सेंसर खराब होने के कारण करीब 15 मिनट तक रोक कर रखा गया। तकनीकी खराबी के चलते टोल प्लाजा पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे बस में सवार यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बस का फास्टैग इससे पहले पांच अन्य टोल नाकों से बिना किसी समस्या के गुजर चुका था, लेकिन करेल टोल प्लाजा पर सेंसर काम नहीं करने के कारण बस को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। इस दौरान बस में मौजूद बच्चों, महिलाओं और अन्य यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। घटना के कारण राजस्थान रोडवेज को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
बस चालक सुरेश मेनारिया और परिचालक लोकेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि टोल प्लाजा पर तकनीकी खराबी होने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा बस को रोके रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित हाईवे अभी पूरी तरह तैयार भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद टोल वसूली की जा रही है।
घटना के बाद यात्रियों में टोल कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिली। यात्रियों का कहना था कि तकनीकी खामी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। करेल टोल प्लाजा पर हुई इस घटना ने टोल प्रबंधन और हाईवे संचालन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
