कपासन: शिव शिक्षा संस्थान ने छात्राओं को बांटी डिजिटल स्मार्टवॉच
महिला सशक्तिकरण के तहत 18 से 30 वर्ष की छात्राओं को रोजगार मार्गदर्शन के साथ तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए स्मार्टवॉच, पैन कार्ड और ई-श्रम कार्ड दिए गए।

कपासन (प्रात:काल संवाददाता)। महिला सशक्तिकरण के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए शिव शिक्षा संस्थान, कपासन द्वारा 18 से 30 वर्ष की छात्राओं के लिए विशेष रोजगार मार्गदर्शन एवं उपहार वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। निवर्तमान पार्षद नरेश कुमार खटीक के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेटियों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने हेतु नि:शुल्क डिजिटल स्मार्टवॉच वितरित की गईं।
संस्थान ने छात्राओं की भविष्य की राह सुगम करने हेतु उनके पैन कार्ड और ई-श्रम कार्ड भी नि:शुल्क बनाने की सुविधा प्रदान की, ताकि उन्हें रोजगार प्राप्ति में किसी भी औपचारिक बाधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर संस्था संस्थापक भेरूलाल खटीक ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि संस्थान का लक्ष्य इस वर्ष एक हजार छात्राओं को नि:शुल्क डिजिटल वॉच उपलब्ध कराना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल उपहार भेंट करना नहीं, बल्कि बेटियों को कौशल विकास के माध्यम से स्वावलंबी बनाना है। आयोजन में संस्था सचिव अमजद हुसैन मंसूरी, कोषाध्यक्ष पूजा खटीक, मुख्य ट्रेनर रतनलाल सालवी, राहुल माली एवं हितेश खटीक ने छात्राओं को कौशल विकास की बारीकियों और सफलता के गुर सिखाए। यह आयोजन क्षेत्र की बेटियों को व्यावसायिक और तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है।

