कानोड़ में धूमधाम से मनाई गई गणगौर, पारंपरिक शोभायात्रा में दिखी राजसी झलक
नगर पालिका के तत्वाधान में श्री गोपाल जी मंदिर से निकली भव्य सवारी, विभिन्न समाजों की झांकियों के साथ जोशूला तालाब के घाट पर हुआ पूजन।

कानोड़ में नगर पालिका प्रशासन द्वारा आयोजित गणगौर उत्सव के दौरान पारंपरिक परिधानों में तलवारें लेकर शौर्य प्रदर्शन करते श्रद्धालु और झांकियों के साथ निकलता जनसैलाब।
कानोड़। शनिवार को स्थानीय नगर पालिका प्रशासन के संयोजन में नगर में गणगौर उत्सव धूमधाम से मनाया गया। राजमहल के पास स्थित नगर के आराध्य देव श्री गोपाल जी मंदिर प्रांगण से गणगौर की सवारी शोभायात्रा के रूप में निकाली गई।
शोभायात्रा में दिखा राजसी वैभव
शोभायात्रा में महिलाओं व पुरुषों ने परम्परागत परिधान पहनने के साथ ही हाथों में तलवारें ले कर कतारबद्ध हो शोभायात्रा में भाग लिया। शौभायात्रा में ट्रेक्टरों में विभिन्न देवी देवताओं के रूप धारण कर बच्चों ने झांकियों का प्रदर्शन किया। शोभायात्रा में नगर के प्रत्येक समाज से गणगौर सम्मिलित हुई। बालवृंद बैंड बाजा व डी जे की मधुर ध्वनि पर गाते नाचते हुए चले।
नगर भ्रमण और पूजा-अर्चना
गणगौर सवारी ब्रह्मपुरी, सुभाष चौक, बापू बाजार, पालिका चौक, बाहर का शहर, सब्जी मंडी, शिवगंज बाजार, सदर बाजार, गांधी चौक, गणेश चौक, नया बाजार, सूरजपोल होते हुए जोशीला तालाब स्थित गणगौर घाट पहुंची। गणगौर घाट पर समाज जनों ने अपनी अपनी गणगौर की पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
