कानोड। मानसून की बेरुखी और वर्षा में हो रही अत्यधिक देरी से चिंतित होकर क्षेत्र के नियमित योग मण्डल के कार्यकर्ताओं ने प्रकृति को मनाने का एक अनूठा मार्ग चुना। भगवान इंद्र देव को प्रसन्न करने और क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना के लिए योग मण्डल के सदस्यों ने भजलेश्वर महादेव तक पैदल यात्रा की और मंदिर परिसर स्थित जल कुंड के भीतर जल साधना कर शिव व इंद्र देव की स्तुति की।

योग साधना के इस क्रम में चतुर उच्च माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता निर्मल पुरोहित, वरिष्ठ शिक्षक व वृक्षमित्र विनोद चौबीसा, योग शिक्षक गोपाल कडवावत, शारीरिक शिक्षक नरेंद्र चौबीसा तथा तुलसी अमृत उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीपक शर्मा ने जल कुंड के भीतर जल में पद्मासन मुद्रा में बैठकर शिव और इंद्र देव के समक्ष स्तुति गायन किया। सदस्यों ने इस दौरान जल साधना के पश्चात शिवलिंग पर जलाभिषेक कर क्षेत्र में शीघ्र मानसून के आगमन और वर्षा की मन्नत मांगी। अनुष्ठान के तहत शिव पंचायत का लघु रुद्र अभिषेक भी संपन्न किया गया।

इस अवसर पर वृक्षमित्र विनोद चौबीसा ने उपस्थित जनसमूह को मानसून सत्र में सघन वृक्षारोपण करने का संकल्प दिलाया, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे। व्याख्याता निर्मल पुरोहित ने इस आयोजन को स्वास्थ्य और जन-जागृति का एक अनूठा प्रयोग बताते हुए कहा कि वर्षा की कामना के लिए सामूहिक रूप से जागरूक होकर शिव व इंद्र देव की आराधना करना सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। यह प्रयास न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि प्रकृति के प्रति मानव की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।

Bharat Jaroli, Udaipur

Bharat Jaroli, Udaipur

नाम: भरत कुमार जारोली

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: कानोड़ (तहसील: कानोड़, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट : स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भरत कुमार जारोली राजस्थान के उदयपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कानोड़ तहसील और उसके आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ संवाददाता हैं। वह अपने क्षेत्र में पुलिस थाना, अस्पताल, स्थानीय प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों सहित सभी विषयों पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

भरत कुमार जारोली को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। वह साल 1982 से लगातार 'प्रातः काल' दैनिक समाचार पत्र के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पूर्व वह 'राजस्थान पत्रिका' (उदयपुर) से जुड़े हुए थे, जहाँ उन्होंने 35 वर्षों तक नियमित रूप से काम किया।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की है।

Next Story