गुरु पूर्णिमा पर मनोज भणावत बोले: गुरु का ज्ञान मिटाता है अंतर, तुलसी अमृत विद्यालय में पौधारोपण भी हुआ
कानोड के तुलसी अमृत उ.प्रा. विद्यालय में गुरु पूर्णिमा उत्सव पर मनोज भणावत ने गुरु महिमा पर विचार रखे। कार्यक्रम में भजन, पौधारोपण और 65 पौधों के संवर्धन का संदेश भी दिया गया।

तस्वीर में कानोड़ स्थित विद्यालय परिसर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पौधारोपण अभियान के दौरान एकत्रित लोग नजर आ रहे हैं।
कानोड नगर पालिका क्षेत्र स्थित तुलसी अमृत उ.प्रा. विद्यालय में गुरुवार को गुरु पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शारदा वंदना से हुआ, जिसके बाद गुरु महिमा, आध्यात्मिक शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
संस्थान के संचालक मनोज भणावत ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु व्यक्ति के अंतर को मिटाता है, तभी तो प्राथमिक व प्रारंभिक विद्यालय को बालक कभी नहीं भूलता, चाहे वह कितना भी बड़ा अधिकारी क्यों न बन जाए। उन्होंने कहा कि गुरु का ज्ञान ही अहम के अंतर को मिटाता है और गुरु ही शून्य से सहस्र तक का मार्गदर्शक होता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक गजेंद्र सिंह द्वारा प्रस्तुत गुरु महत्ता पर आधारित भजन से उपस्थितजन भावुक हो गए। संस्थान के कोषाध्यक्ष उदय सिंह मेहता ने कहा कि केवल लौकिक शिक्षा से उन्नति संभव नहीं है, इसके लिए आध्यात्मिकता का मार्ग भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे तुलसी विश्वविद्यालय और संसार को प्रेक्षा ध्यान देने वाले के शिष्य हैं।
संस्थान के मंत्री ताराचंद जैन ने कहा कि कृष्ण और चन्द्रगुप्त के व्यक्तित्व का निर्माण गुरु ने ही किया। उन्होंने कहा कि गुरु पद नहीं, बल्कि दायित्व है, जिसका निर्वहन केवल गुरु ही कर सकता है। कार्यक्रम में संस्थान के विजय सिंह मोरवडिया, रंजना बाबेल, कार्याध्यक्ष कालू लाल बाबेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर छात्रों ने गुरु के पद की महत्ता पर आधारित मधुर भजनों का गायन किया। प्रधानाध्यापक दीपक शर्मा ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया, जबकि शिक्षक लक्ष्मण सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।
कार्यक्रम के अंत में संचालक मनोज भणावत ने हरित परिसर अभियान के तहत गुरु पूर्णिमा महोत्सव को पर्यावरण महोत्सव के रूप में मनाते हुए पौधारोपण कराया। प्रधानाध्यापक दीपक शर्मा ने बताया कि मानसून के दौरान विद्यालय परिसर में अब तक 65 पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनके संवर्धन के लिए छात्र निरंतर प्रयासरत हैं। गुरु पूर्णिमा उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

Bharat Jaroli, Udaipur
नाम: भरत कुमार जारोली
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: कानोड़ (तहसील: कानोड़, जिला: उदयपुर, राजस्थान)
बीट : स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भरत कुमार जारोली राजस्थान के उदयपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कानोड़ तहसील और उसके आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ संवाददाता हैं। वह अपने क्षेत्र में पुलिस थाना, अस्पताल, स्थानीय प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों सहित सभी विषयों पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
भरत कुमार जारोली को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। वह साल 1982 से लगातार 'प्रातः काल' दैनिक समाचार पत्र के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पूर्व वह 'राजस्थान पत्रिका' (उदयपुर) से जुड़े हुए थे, जहाँ उन्होंने 35 वर्षों तक नियमित रूप से काम किया।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की है।
