कानोड़ में कविता प्रतियोगिता में गूंजा वीर रस, छात्रा टमू कुंवर की कविता ने भावुक किया
कानोड़ के तुलसी अमृत विद्यालय में हिन्दी सप्ताह के तहत कविता प्रतियोगिता हुई, जिसमें वीर रस, देशभक्ति और भावुक कविताओं ने सभी का ध्यान खींचा।

तस्वीर में कानोड़ के तुलसी अमृत उच्च प्राथमिक विद्यालय में हिन्दी सप्ताह के तहत आयोजित कविता प्रतियोगिता में भाग लेते छात्र-छात्राएं नजर आ रहे हैं।
कानोड़ नगर पालिका क्षेत्र स्थित तुलसी अमृत निकेतन संस्थान द्वारा संचालित तुलसी अमृत उच्च प्राथमिक विद्यालय में हिन्दी सप्ताह के तहत चौथे दिन कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संचालक मनोज भनावत के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने वीर रस और भावुक कविताओं के साथ राजस्थानी संस्कृति, देशभक्ति और प्रकृति से जुड़ी विभिन्न कविताओं का पाठ किया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने हिन्दी के विराट स्वरूप को कविताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया। छात्रा प्रिया मेघवाल ने भारत-चीन संबंधों पर तीखा व्यंग्य प्रस्तुत किया। छात्रा किरण पाटीदार ने गिरिजा कुमार माथुर की कविता ‘हिन्दी तुझ पर गर्व......’ का पाठ किया। भव्या रेगर ने ‘जन जन की भाषा है हिन्दी....’ कविता प्रस्तुत की, जबकि अनु श्री ने खेजड़ी वृक्ष सहित सम्पूर्ण राजस्थान की संस्कृति को कविता के माध्यम से सामने रखा।
प्रतियोगिता के दौरान वातावरण उस समय अधिक भावुक हो गया, जब छात्रा टमू कुंवर ने ‘बेटी नहीं तो बहू कहां से लाओगे.......’ कविता का पाठ किया। कविता ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तरूलता व्यास ने की। मुख्य अतिथि रेखा सुथार रहीं, जबकि निर्णायक की भूमिका मकसूद हुसेन, पुष्पा श्रीमाली और लीलू तम्बोली ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र सिंह ने किया।
कविता प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में अनु श्री प्रथम और टमू कुंवर द्वितीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में मघु बाला मेनारिया प्रथम रहीं, जबकि तृप्ति नाथ और निहारिका लक्ष्यकार द्वितीय स्थान पर रहीं।
हिन्दी सप्ताह का समापन शनिवार को संस्थान के संचालक मनोज भनावत के मुख्य आतिथ्य में होगा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिन्दी के साथ वीर रस, देशभक्ति, राजस्थानी संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक भावनाओं से जुड़े विषयों को कविता के जरिए प्रस्तुत किया।

Bharat Jaroli, Udaipur
नाम: भरत कुमार जारोली
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: कानोड़ (तहसील: कानोड़, जिला: उदयपुर, राजस्थान)
बीट : स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भरत कुमार जारोली राजस्थान के उदयपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कानोड़ तहसील और उसके आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ संवाददाता हैं। वह अपने क्षेत्र में पुलिस थाना, अस्पताल, स्थानीय प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों सहित सभी विषयों पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
भरत कुमार जारोली को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। वह साल 1982 से लगातार 'प्रातः काल' दैनिक समाचार पत्र के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पूर्व वह 'राजस्थान पत्रिका' (उदयपुर) से जुड़े हुए थे, जहाँ उन्होंने 35 वर्षों तक नियमित रूप से काम किया।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की है।
