कानोड़ में एक घंटे की झमाझम बारिश से बदला मौसम, गर्मी से राहत मिली, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
कानोड़ में बुधवार को करीब एक घंटे की झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। किसानों की फसलों को राहत मिली और जोशीला तालाब में पानी की आवक भी दर्ज हुई।

तस्वीर में कानोड़ के एक बाजार मार्ग पर तेज बारिश के बाद बहता जल भराव का पानी और सड़क किनारे खड़े ठेले दिखाई दे रहे हैं।
बुधवार की दोपहर कानोड़ में लगभग एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। लंबे समय से उमस भरी गर्मी से परेशान शहरवासियों को राहत मिली, वहीं धरती पुत्रों के चेहरों पर भी खुशी छा गई। बारिश से मुरझाने लगी मक्का, मूंगफली व अन्य फसलों को जीवनदान मिला है।
बुधवार सुबह से ही आसमान में काले घने बादलों ने डेरा डाल रखा था। उमस भरी गर्मी के कारण नागरिक परेशान नजर आए। दोपहर में शहरवासियों ने अच्छी बारिश की कामना को लेकर भेरू देवरों पर पूजा-अर्चना की और देवी-देवताओं से प्रार्थना की।
लंबे अंतराल के बाद हुई बारिश का लोगों ने भरपूर आनंद लिया। कई लोग स्वयं को बारिश में भीगने से रोक नहीं पाए, जबकि बच्चों ने बरसते पानी में नहाकर खूब उत्साह के साथ बारिश का आनंद लिया।
बारिश का असर नगर के जोशीला तालाब पर भी दिखाई दिया, जहां पानी की आवक दर्ज की गई। झमाझम बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया, वहीं किसानों को फसलों के लिए नई उम्मीद मिली और शहरवासियों को भी गर्मी से बड़ी राहत महसूस हुई।

Bharat Jaroli, Udaipur
नाम: भरत कुमार जारोली
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: कानोड़ (तहसील: कानोड़, जिला: उदयपुर, राजस्थान)
बीट : स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भरत कुमार जारोली राजस्थान के उदयपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कानोड़ तहसील और उसके आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ संवाददाता हैं। वह अपने क्षेत्र में पुलिस थाना, अस्पताल, स्थानीय प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों सहित सभी विषयों पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
भरत कुमार जारोली को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। वह साल 1982 से लगातार 'प्रातः काल' दैनिक समाचार पत्र के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पूर्व वह 'राजस्थान पत्रिका' (उदयपुर) से जुड़े हुए थे, जहाँ उन्होंने 35 वर्षों तक नियमित रूप से काम किया।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की है।
