कानोड़ में तीन दिवसीय विशाल हनुमान अहिरावण मेले का आगाज़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य आतिशबाजी से सजेगी महफ़िल
नगर पालिका प्रशासन द्वारा आमलिया बाग में 24 से 26 मार्च तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शोभायात्रा और अहिरावण पुतला दहन का आयोजन किया जाएगा।

कानोड़। स्थानीय पालिका प्रशासन के तत्वावधान में क्षेत्र की ऐतिहासिक सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत करते हुए जोशीला तालाब किनारे स्थित आमलिया बाग रूण में तीन दिवसीय विशाल हनुमान अहिरावण मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आस्था और उल्लास के इस संगम को लेकर पालिका प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ युद्ध स्तर पर पूर्ण की जा रही हैं।
आगामी 24 से 26 मार्च तक आयोजित होने वाले इस मेले को लेकर पालिका प्रशासन ने विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि आमलिया बाग के विशाल परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रशासन द्वारा मेलार्थियों की सुविधा हेतु पेयजल, सुदृढ़ विद्युत व्यवस्था एवं दुकानों व स्टॉल हेतु प्लाट आवंटन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के निर्धारित क्रम के अनुसार, उत्सव के प्रथम दिन 24 मार्च की सायंकाल भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। मेले के द्वितीय दिवस 25 मार्च को मनोरंजन की सुरीली शाम सजेगी, जिसमें ख्यातनाम कलाकारों द्वारा आर्केस्ट्रा एवं विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
आयोजन के अंतिम दिन 26 मार्च को भक्ति और शक्ति का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिलेगा, जब सायंकाल हनुमान मंदिर सूरजपोल से एक विशाल शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यह शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख बाजारों, गलियों और मोहल्लों से होकर गुजरेगी, जहां श्रद्धालु पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत करेंगे। इसी दिन रात्रि 10:30 बजे सोरगरों द्वारा आकाश में रंग-बिरंगी और भव्य आतिशबाजी के हैरतअंगेज नजारे प्रस्तुत किए जाएंगे। महोत्सव का मुख्य आकर्षण रात्रि 11:30 बजे होगा, जब धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप अहिरावण के विशाल पुतले का दहन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल कानोड़ की सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है, बल्कि क्षेत्रीय जनमानस की अटूट आस्था का प्रतीक बनकर उभरा है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
