कानोड: निर्मल पुरोहित और ऋतुराज सिंह की निशुल्क कोचिंग से 'माडसाब' बनेंगे युवा
राजकीय विद्यालय के व्याख्याता और उनके साथी ने 12वीं पास 48 छात्र-छात्राओं को डीएलएड और पीटीईटी की तैयारी कराने के लिए घर-घर जाकर शुरू की विशेष मुहिम।

कानोड के आदर्श विद्या मंदिर में निशुल्क कोचिंग ले रहे 48 छात्र-छात्राएं और मार्गदर्शक निर्मल पुरोहित व ऋतुराज सिंह के साथ अन्य सहयोगी शिक्षक।
कानोड। नगर पालिका क्षेत्र के पीएम श्री चतुर उ.मा. विद्यालय के गणित व्याख्याता निर्मल पुरोहित और उनके साथी ऋतुराज सिंह ने क्षेत्र में एक अनोखी मुहिम चला रखी है। पुरोहित और ऋतुराज ने नगर के 12वीं पास विद्यार्थियों की सूची बनाकर घर-घर जाकर उनसे संपर्क किया और उन्हें समय का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
घर-घर जाकर किया संपर्क और जगाई अलख
निर्मल पुरोहित की संपर्क सूची में अधिकांश गरीब परिवार की छात्राएं सामने आईं। तब उनके साथी ऋतुराज और पुरोहित ने तय किया कि इन सभी को 'माडसाब' बनाना है और तब से दोनों अपने इस मिशन में लग गए। पुरोहित और ऋतुराज ने नगर के कई शिक्षक और प्रभावशाली लोगों से सहयोग के लिए संपर्क किया। चूंकि यह कोचिंग निशुल्क करने का निर्णय हुआ था, तो स्थान की उपलब्धता के लिए आदर्श विद्या मंदिर के प्रधानाध्यापक धीरज जोशी आगे आए और उन्होंने स्थान उपलब्ध करवाया।
डीएलएड और पीटीईटी की विशेष तैयारी
शुरुआत में दोनों ने डीएलएड और प्री टीचर एजुकेशन टेस्ट (PTET) की तैयारी का निश्चय किया ताकि रीट (REET) की तैयारी भी साथ में हो सके। वर्तमान में इस निशुल्क कोचिंग कक्षा में कुल 26 छात्राएं व 22 छात्र तैयारी कर रहे हैं। अभावग्रस्त परिवार के बच्चे कोचिंग और उचित मार्गदर्शन के अभाव में इस प्रतियोगी युग में पिछड़ जाते हैं, हमारा उद्देश्य यही है कि उचित मार्गदर्शन से हम इन प्रतिभाशाली बालक-बालिका के माडसाब बनने का सपना पूरा कर सकें।
समाज के प्रबुद्ध जनों का मिल रहा है सहयोग
पुरोहित ने चर्चा के दौरान बताया कि "समाज के प्रबुद्ध जनों का हमें भरपूर सहयोग मिल रहा है।" इस पुनीत कार्य में चतुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के राजेन्द्र व्यास, चन्द्र शेखर, भूपेंद्र जोशी, सुरेश रामावत, हिमांशू चौबीसा और मुकेश शेरावत सहित कई लोग उनके सहयोगी के रूप में साथ खड़े हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
