कानोड़। नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था तुलसी अमृत निकेतन की छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन से एक बार फिर सबका ध्यान खींचा है। विद्यालय की छात्राओं प्रियांशी चौबीसा, नैना खटीक और चार्मी साद को उनके बेहतरीन परिणामों के लिए राज्य सरकार द्वारा पद्माक्षी पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है।

संस्थान के संचालक कल्याण सिंह पोखरना और प्राचार्य हेमंत कुमार पटेल ने बताया कि प्रियांशी चौबीसा ने 12वीं विज्ञान वर्ग में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर श्रेष्ठता साबित की, वहीं नैना खटीक ने कृषि विज्ञान वर्ग में 94 प्रतिशत और चार्मी साद ने कला वर्ग में 95 प्रतिशत अंक हासिल किए। इस उपलब्धि के सम्मान में राज्य सरकार द्वारा इन छात्राओं के खातों में 75 हजार रूपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

प्राचार्या प्रमिला दलाल ने बताया कि नैना खटीक और प्रियांशी चौबीसा का चयन पहले भी इंस्पायर अवार्ड के लिए हो चुका था, जो उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। विद्यालय के समस्त कर्मचारी और कार्यकर्ताओं ने तीनों छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य भेरूलाल नाई ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया।

इसी शिक्षण संस्था के छात्र यशराज लोहार का चयन भी राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर मानक प्रदर्शनी के लिए किया गया है। यशराज ने नागोर में आयोजित प्रदर्शनी में अपना नवोन्मेषी मॉडल पंक्चर डिवाइस फॉर व्हीकल प्रस्तुत किया, जिसे निर्णयक मंडल ने सराहा और चयनित किया। इस उपलब्धि ने संस्थान की प्रतिष्ठा को और अधिक मजबूती प्रदान की है और विद्यार्थियों के सृजनात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाई है।

तुलसी अमृत निकेतन के इस शानदार प्रदर्शन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि समर्पित शिक्षक, प्रेरित छात्र और सुव्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण मिलकर नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story