कानोड़ दिनदहाड़े लूटकांड: चाकू से घायल 85 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत, पुलिस को मिले अहम सुराग
कानोड़ में दिनदहाड़े लूट के दौरान चाकू से घायल 85 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं और जल्द खुलासे की संभावना है।

कानोड़ में बुजुर्ग महिला से लूट और हत्या की वारदात के बाद घटना स्थल पर साक्ष्य जुटाती पुलिस और एफएसएल की टीम।
कानोड़ में शुक्रवार दोपहर स्थानीय कुम्हार मोहल्ले में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात में गंभीर रूप से घायल हुई 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला घीसी बाई पत्नी भैरु लाल खटीक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने घीसी बाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर उनके गले से करीब पोन तोला सोने का मदारिया लूट लिया और मौके से फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार रात्रि में उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद कानोड़ सीआई हुकुम सिंह दल-बल के साथ आरोपियों की तलाश में जुटे हुए हैं तथा उच्च अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। पुलिस अधीक्षक नम्रता दुहन के निर्देश पर नगर डिप्टी श्रवण दास संत, भीण्डर सीआई मुकेश चंद्र तथा खेरोदा के थानाधिकारी की टीम ने देर रात तक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को घटना से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं और मामले का जल्द खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। घटना स्थल पर एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर अज्ञात हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार करने तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारी वर्ग और आम जनता में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Bharat Jaroli, Udaipur
नाम: भरत कुमार जारोली
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: कानोड़ (तहसील: कानोड़, जिला: उदयपुर, राजस्थान)
बीट : स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भरत कुमार जारोली राजस्थान के उदयपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कानोड़ तहसील और उसके आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ संवाददाता हैं। वह अपने क्षेत्र में पुलिस थाना, अस्पताल, स्थानीय प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों सहित सभी विषयों पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
भरत कुमार जारोली को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। वह साल 1982 से लगातार 'प्रातः काल' दैनिक समाचार पत्र के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पूर्व वह 'राजस्थान पत्रिका' (उदयपुर) से जुड़े हुए थे, जहाँ उन्होंने 35 वर्षों तक नियमित रूप से काम किया।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की है।
