झीलों की नगरी उदयपुर के लिए गौरव का क्षण तब बना, जब शहर के उभरते कयाकिंग खिलाड़ी कनिष्का कुमावत और आयुष चौधरी का चयन केनो मैराथन वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ। दोनों खिलाड़ी 20 मई को दिल्ली से भारतीय दल के साथ चीन रवाना हुए। एक ही शहर से दो खिलाड़ियों का वर्ल्ड कप टीम में चयन होने से खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

राजस्थान कायकिंग एवं कैनोइंग संघ के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे उदयपुर में खुशी की लहर है। दिल्ली रवाना होने से पूर्व संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी तथा डॉ. लक्ष्यराजसिंह मेवाड़ ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

संघ के चेयरमैन चंद्र गुप्त सिंह चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संघ की लगातार मेहनत का परिणाम है। उन्होंने उदयपुर में वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने पर यहां से और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

संघ अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव ने इसे उदयपुर के खेल इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि उदयपुर के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान मजबूत बना रहे हैं।

खिलाड़ियों कनिष्का कुमावत और आयुष चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और साथी खिलाड़ियों को दिया। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद मिले तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

खिलाड़ियों के चीन रवाना होने के अवसर पर संघ के कई पदाधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रमुख रूप से अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव, सचिव दिलीप सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. महावीर परिहार, महेश पिम्पलकर, कोषाध्यक्ष डॉ. भूपेन्द्र सिंह चौहान, डिसीप्लेन चेयरमैन अजय अग्रवाल, पियुष कच्छवाहा, तुषार मेहता और कमलेश हाथी मौजूद रहे। उदयपुरवासियों को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी केनो मैराथन वर्ल्ड कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story