कनिष्का कुमावत और आयुष चौधरी का कैनो मैराथन विश्व कप के लिए चयन
उदयपुर के दो खिलाड़ी चीन के बौझोंग में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे, चंडीगढ़ में हुए चयन ट्रायल में मिली सफलता।

उदयपुर। राजस्थान की झीलों की नगरी उदयपुर के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। लेकसिटी के दो प्रतिभावान कयाकिंग खिलाड़ी, कनिष्का कुमावत एवं आयुष चौधरी ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर भारतीय कैनो मैराथन टीम में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। ये दोनों खिलाड़ी आगामी 21 से 24 तारीख तक चीन के बौझोंग शहर में आयोजित होने वाले 'अंतरराष्ट्रीय कैनो फेडरेशन' (ICF) एवं 'चीन कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ' के संयुक्त तत्वाधान में 'कैनो मैराथन विश्व कप' में भारतीय दल का आधिकारिक तौर पर प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए संघ के अध्यक्ष भगवान वैष्णव ने बताया कि इस प्रतिष्ठित विश्व कप हेतु भारतीय टीम का चयन भारतीय कयाकिंग एवं कैनोईंग संघ व एशियन कयाकिंग एवं कैनोईंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा के दिशानिर्देशों में संपन्न हुआ। चयन प्रक्रिया का संपादन भारतीय मैराथन चैयरपर्सन दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित उच्च स्तरीय चयन समिति द्वारा चंडीगढ़ में किया गया। राजस्थान के दो खिलाडियों का एक साथ राष्ट्रीय टीम में चुना जाना, विशेषकर उदयपुर के खेल इतिहास के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन की लहरों के बीच कनिष्का और आयुष की यह भागीदारी न केवल उनके व्यक्तिगत करियर बल्कि प्रदेश के खेल कौशल की वैश्विक पहचान को भी नई ऊंचाइयां प्रदान करेगी।

