कामिनी गुर्जर अखिल भारतीय गुर्जर महिला महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के अध्यक्ष दीपक पुरुषोत्तम पाटील ने कामिनी गुर्जर को तीन वर्ष के लिए महिला विंग की कमान सौंपी है।

नई दिल्ली–उदयपुर, 23 अप्रैल। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पुरुषोत्तम पाटील की सहमति से श्रीमती कामिनी गुर्जर को अखिल भारतीय गुर्जर महिला महासभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तीन वर्षों के लिए की गई है तथा तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
श्रीमती कामिनी गुर्जर को इस महत्वपूर्ण दायित्व पर नियुक्त किए जाने से गुर्जर समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। उनकी नियुक्ति को गुर्जर समाज की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर प्रो. बी. एस. रावत, राष्ट्रीय प्रवक्ता, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कामिनी गुर्जर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देशभर की गुर्जर महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, आर्थिक एवं न्यायिक क्षेत्रों में नए अवसर प्राप्त होंगे।
प्रो. रावत ने कहा कि दीपक पुरुषोत्तम पाटील, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बच्चू सिंह बैसला, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सहित समस्त पदाधिकारियों ने जिस विश्वास और आशा के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर पूरी तरह खरी उतरेंगी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कामिनी गुर्जर, मां पन्नाधाय और मां धोला गूजरी के आदर्शों पर चलते हुए समाज की बहनों और बेटियों के लिए नई मिसाल स्थापित करेंगी तथा महिलाओं को प्रशासनिक एवं राजनीतिक भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगी।
नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष कामिनी गुर्जर ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य उद्देश्य गुर्जर समाज की महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि वे समाज की हर बहन और बेटी को सशक्त बनाने के लिए ठोस योजनाएं तैयार करेंगी तथा उन्हें प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगी।
कामिनी गुर्जर ने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारियों और समाज के सहयोग से संगठन को एक नई दिशा और गति मिलेगी। यह नियुक्ति न केवल गुर्जर समाज के लिए बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक सकारात्मक, प्रेरणादायक और दूरगामी प्रभाव डालने वाला कदम मानी जा रही है।
आभार : कामिनी गुर्जर, +91 99834 67130

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
