कल्याणपुर में विद्यानिकेतन संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता, 190 विद्यार्थियों ने दिखाया दम
कल्याणपुर में विद्यानिकेतन खेरवाड़ा संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें 190 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

तस्वीर में कल्याणपुर के मैदान पर संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी खेलते हुए विद्यार्थी और खड़े हुए दर्शक नजर आ रहे हैं।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कल्याणपुर में बुधवार प्रातः विद्यानिकेतन खेरवाड़ा संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में संकुल के तीन विद्यालयों के कुल 190 भैया-बहनों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ संकुल प्रभारी नवनीत श्रीमाली ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाकर किया। खेल प्रतियोगिताओं का संचालन शांतिलाल मीणा एवं जगदीश मेघवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ।
आयोजित प्रतियोगिताओं में कबड्डी किशोर वर्ग (भैया) में ऋषभदेव की टीम प्रथम रही, जबकि किशोर वर्ग (बहिन) कबड्डी में खेरवाड़ा ने पहला स्थान हासिल किया। खो-खो बाल वर्ग (भैया एवं बहिन) में कल्याणपुर विजेता रहा, वहीं खो-खो किशोर वर्ग में खेरवाड़ा प्रथम स्थान पर रहा। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कल्याणपुर की टीम ने बाजी मारी।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 100, 200, 400 एवं 600 मीटर दौड़ में अंजली, नव्या, राशि मीणा, मयंक मीणा एवं जयेश दरंगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तश्तरी एवं गोला फेंक प्रतियोगिताओं में सोनिया मीणा तथा सेजल पटेल विजेता रहीं।
समापन समारोह की अध्यक्षता पन्नालाल मीणा ने की। समारोह में मुख्य अतिथि रामचंद्र मेहता एवं विशिष्ट अतिथि निर्भय सिंह का तिलक एवं ओढ़नी पहनाकर स्वागत किया गया। अतिथियों का परिचय ऋषभदेव के प्रधानाचार्य द्वारा कराया गया।
अध्यक्ष पन्नालाल मीणा ने विजेताओं की घोषणा करते हुए कहा कि खेलों में हार-जीत जीवन का हिस्सा है। उन्होंने खिलाड़ियों को निराश हुए बिना खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मुकेश, हर्षित, सूर्यप्रकाश एवं कृष्ण ने दल प्रभारी के रूप में सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन बंसीलाल मेघवाल ने किया, जबकि आभार नारायण लाल मीणा, प्रधानाचार्य, कल्याणपुर ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना प्रदर्शन करते नजर आए।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
