खेरवाड़ा (प्रातःकाल संवाददाता)। विधानसभा क्षेत्र की डबायचा पंचायत में कजरिया नला से गुजरात सीमा तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्य के रुकने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण खेरवाड़ा पहुंचे और क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल आहारी से मुलाकात कर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाने की मांग रखी।

सरपंच रीना डामोर, समाजसेवी कैलाश चंद्र डामोर एवं उप सरपंच नरेश आहारी के नेतृत्व में आए ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य को वन विभाग द्वारा रुकवा दिया गया है। विभाग का कहना है कि जिस भूमि पर सड़क का निर्माण किया जा रहा है, वह वन विभाग के अधीन आती है, इसलिए वहां निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता। इस कारण योजना के तहत शुरू हुआ कार्य बीच में ही ठप हो गया है, जिससे क्षेत्रीय आवागमन प्रभावित हो रहा है।

पूर्व विधायक नानालाल आहारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे इस गंभीर मामले को लेकर जयपुर जाकर वन मंत्री से मुलाकात करेंगे और समस्या का समाधान करवाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल, लक्ष्मी देवी आहारी एवं मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता भी उपस्थित रहे।

खेरवाड़ा पहुंचे ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल में सेवानिवृत्त शिक्षक हेमचंद डामोर, सुरेश असारी, नरसिंह डामोर, मुखी रमेश चंद्र डामोर, सोमालाल भगोरा, नवीन असारी, सुमित्रा देवी, शंकर असारी, संजय भगोरा, रमेश भगोरा और वार्ड पंच रंजीत भगोरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। सड़क निर्माण कार्य के अधर में लटकने से क्षेत्र के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में समाधान की अपेक्षा तेज हो गई है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story