चित्तौड़गढ़ (प्रात:काल संवाददाता)। पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी रविवार को चित्तौड़गढ़ के प्रवास पर रहेंगे। उनके इस महत्वपूर्ण प्रस्तावित दौरे को लेकर स्थानीय भाजपा और किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अपने प्रवास के दौरान चौधरी रविवार शाम 4 बजे जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करेंगे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में चौधरी संगठनात्मक गतिविधियों, केंद्र व राज्य सरकार की कृषि जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श करेंगे। वे आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ ही किसान मोर्चा की गतिविधियों को गति देने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान करेंगे। चर्चा के दौरान जमीनी स्तर पर किसानों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों और संगठन को अधिक सुदृढ़ बनाने की कार्ययोजना पर विशेष बल दिया जाएगा।

अपने चित्तौड़गढ़ प्रवास के अगले क्रम में कैलाश चौधरी निम्बाहेड़ा विधानसभा की ग्राम पंचायत बड़ोली माधोसिंह में आयोजित रात्रि चौपाल में सम्मिलित होंगे। इस जनसंवाद कार्यक्रम में वे स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं किसानों से रूबरू होकर क्षेत्रीय समस्याओं तथा किसान हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।

इस महत्वपूर्ण दौरे की पूर्व तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में एक विशेष तैयारी बैठक संपन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था, मंच संचालन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि कैलाश चौधरी का यह प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी और किसान मोर्चा को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार निरंतर किसानों के हित में कार्य कर रही है और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री रघु शर्मा ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक देवी सिंह राणावत ने अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में गोवर्धन जाट, दीपक शर्मा, नन्दकिशोर लौहार, आशीष शर्मा, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, भूपेंद्र सालवी, अनिल सुखवाल, रामेश्वर धाकड़, रमेशचंद्र गुर्जर, शंकर लाल अहीर, पारस धाकड़, हेमंत धाकड़, सत्यनारायण मीणा, राधेश्याम कीर, शंकर लाल कीर, बालकिशन भोई सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story