जवाहर नवोदय विद्यालय मावली में दिनांक 21 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के प्राचार्य श्री घनश्याम मीणा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का संचालन संयोजक श्री गजेसिंह पीईटी मेल एवं श्रीमती सुनीता मंगकोई के निर्देशन में हुआ। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में जयपुर, हरियाणा और राजस्थान के कुल 58 विद्यालयों से 36 चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक वर्ग के लिए पांच-पांच राउंड आयोजित किए गए, जिनमें कुल 90 मैच खेले गए और उनके आधार पर परिणाम घोषित किए गए।

प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-14 छात्रा वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय पाली की छात्रा राधिका चारण, अंडर-14 छात्र वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय कोटा के छात्र भव्यांश, अंडर-17 छात्रा वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय झालावाड़ की छात्रा आकांक्षा साहू, अंडर-17 छात्र वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय अंबाला के छात्र सिद्धार्थ धीमन, अंडर-19 छात्रा वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय मावली की छात्रा मनस्वी पालीवाल तथा अंडर-19 छात्र वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय कुरुक्षेत्र के छात्र आदि ने योगेश गोल्ड मेडल प्राप्त कर अपने-अपने विद्यालयों का नाम रोशन किया।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हेतु प्रत्येक वर्ग से पांच-पांच खिलाड़ियों का चयन किया गया, जो आगामी अगस्त माह में जवाहर नवोदय विद्यालय मावली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

समापन समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया, वहीं छात्राओं ने चरी नृत्य का मनमोहक प्रदर्शन कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती निवेदिता चंद्रावत और श्री सुधीर कुमार ने उदघोषक के रूप में किया। लगभग एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में उन्होंने अपनी कविताओं और शायरी के माध्यम से विद्यार्थियों में ऊर्जा का संचार करते हुए वातावरण को उत्साहपूर्ण बनाया।

कार्यक्रम में उपस्थित समस्त स्टाफ सदस्यों में श्री मोहन जांगिड़ वरिष्ठ शिक्षक, श्री राजेश शर्मा, सुश्री उमा, श्री अनिल कुमार, श्री एस डी मीणा, श्री प्रदीप कुमार, श्रीमती स्वीटी शर्मा, श्री सोहन जी, सुश्री ज्योति और श्रीमती दमयंती मिर्धा सहित अन्य सदस्यों ने विजेता विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साह बढ़ाया। स्थानीय विद्यालय की छात्रा मनस्वी पालीवाल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विशेष उपलब्धि हासिल की।

अंत में श्री मोहन जांगिड़ द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री घनश्याम मीणा द्वारा ध्वजावतरण किया गया और सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने राष्ट्र गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन कर कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया। यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला रहा, बल्कि आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मजबूत आधार भी साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story