झाड़ोल (उदयपुर)। वित्तीय साख और गरीबों के भरोसे के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ उदयपुर की झाड़ोल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। समूह लोन की किस्तों में हेराफेरी कर लाखों रुपये का गबन करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मैनेजर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इंडसइंड बैंक से संबद्ध फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड में हुए इस फर्जीवाड़े ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है, जहां गरीब महिलाओं की मेहनत की कमाई को बैंक में जमा करने के बजाय आरोपी डकार गए।

घटनाक्रम के अनुसार, फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड के कुछ कर्मचारियों ने महिला लोन सदस्यों को झांसा देकर उनसे प्री-पेमेंट और मासिक किस्तों के नाम पर बड़ी नकदी वसूली थी। बैंक प्रबंधन को जब वित्तीय अनियमितताओं की भनक लगी, तो आंतरिक जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया। आरोपियों ने एक सुनियोजित साजिश के तहत किस्तों की राशि बैंक खाते में जमा ही नहीं की। प्रारंभिक जांच और ऑडिट के बाद यह स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने कुल 7 लाख 56 हजार 618 रुपये का गबन किया है। इस धोखाधड़ी के खिलाफ बैंक प्रबंधन ने झाड़ोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन मोड में आते हुए प्रकरण दर्ज किया।

उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के कड़े निर्देश मिलने के बाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल (खेरवाड़ा) और वृताधिकारी विवेक सिंह (वृत झाड़ोल) के निकट सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी फैलीराम मीणा के नेतृत्व में गठित इस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और जमीनी आसूचना के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी धर्मेंद्र, निवासी कुचामन सिटी को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल भेरूलाल और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी सुराग जुटाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस हाई-प्रोफाइल गबन कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार मैनेजर धर्मेंद्र से गहन पूछताछ जारी है, ताकि गबन की गई राशि बरामद की जा सके और इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। झाड़ोल थानाधिकारी फैलीराम मीणा ने आमजन से अपील की है कि वित्तीय लेनदेन करते समय अधिकृत रसीद जरूर लें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस कार्रवाई में अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल मोटाराम और कांस्टेबल लक्ष्मीलाल की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही है। पुलिस की इस मुस्तैदी ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता के भरोसे को चोट पहुंचाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Vishnu Lohar, Jhadol

Vishnu Lohar, Jhadol

नाम: विष्णु लोहार

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल, झाड़ोल)

कार्यक्षेत्र: झाड़ोल, उदयपुर (राजस्थान) - मुख्य रूप से झाड़ोल और गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास का ग्रामीण अंचल

अनुभव: करीब 10 वर्ष

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय एवं ग्रामीण समाचार: झाड़ोल व गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र, ग्रामीण पंचायतों, सामाजिक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की नियमित कवरेज।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत, विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां, जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम एवं राजनीतिक घटनाक्रम।
  • क्राइम: पुलिस कार्रवाई, अपराध संबंधी घटनाएं, कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक मामलों की रिपोर्टिंग।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, विकास कार्य, शिविरों एवं प्रशासनिक निर्णयों की कवरेज।
  • शिक्षा: विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षा योजनाओं, विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं शिक्षा संबंधी समस्याओं पर रिपोर्टिंग।
  • स्वास्थ्य: स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं, जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता विषयक समाचार।
  • बिज़नेस एवं व्यापार: स्थानीय व्यापार, बाजार गतिविधियां, छोटे व्यवसाय, उद्यमिता एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े विषय।
  • सामाजिक एवं जनहित मुद्दे: ग्रामीण समस्याएं, नागरिक सुविधाएं, सामाजिक सरोकार, सरकारी योजनाएं, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों की विशेष कवरेज।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • वाणिज्य स्नातक (B.Com)
  • वाणिज्य स्नातकोत्तर (M.Com)
  • B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
  • BSTC (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट)

Next Story