झाड़ोल: आवरड़ा में भ्रष्टाचार की ईंटों पर बिछ रही थी सीसी रोड, ग्रामीणों ने रुकवाया काम; सरपंच पति और ठेकेदार के खिलाफ फूटा गुस्सा
झाड़ोल के आवरड़ा गांव में NH 58E से फतेह लाल गायरी के घर तक बन रही सीसी रोड में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा। ग्रामीणों ने मिट्टी पर बिछ रही घटिया सड़क का काम रुकवाया। सरपंच पति और ठेकेदार पर गंभीर आरोप, टेंडर निरस्त करने की मांग। उप सरपंच लक्ष्मण सिंह और भीमराज गायरी सहित ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा शिकायती पत्र।

झाड़ोल (फलासिया)। राजस्थान के उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर धांधली और भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। राजस्व गांव आवरड़ा में लंबे समय से प्रतीक्षित सीसी रोड के निर्माण में घटिया सामग्री और नियमों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सातवें आसमान पर पहुंच गया। नेशनल हाईवे NH 58E से फतेह लाल जी गायरी के घर तक स्वीकृत 3 लाख रुपये की लागत वाली सड़क का निर्माण शनिवार को उस समय विवादों के घेरे में आ गया, जब ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर भ्रष्टाचार के खेल को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि यह कार्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बिना सूचना दिए और तकनीकी मापदंडों को ताक पर रखकर शुरू किया गया था।
घटनाक्रम के अनुसार, इस सड़क का निर्माण कार्य पिछले काफी समय से स्वीकृत था, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच पति ने आपसी द्वेषता के चलते इसे जानबूझकर अटका रखा था। शनिवार, 17 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 1 बजे अचानक निर्माण कार्य शुरू किया गया। जैसे ही गांव के लोगों को इसकी भनक लगी, वे मौके पर एकत्रित होने लगे। वहां का नजारा देखकर ग्रामीण दंग रह गए; ठेकेदार द्वारा बिना किसी ठोस बेस या सफाई के, सीधे मिट्टी के ऊपर ही घटिया गुणवत्ता की सीसी (सीमेंट कंक्रीट) डाली जा रही थी। निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता इतनी निम्न थी कि ग्रामीणों ने तुरंत इसे रुकवाने की मांग की।
उप सरपंच लक्ष्मण सिंह चुंडावत और गांव के मोतबीर व्यक्तियों की मौजूदगी में काम को बीच में ही बंद करवा दिया गया। ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में भी पंचायत क्षेत्र में जितने सीसी रोड बने हैं, वे घटिया निर्माण के कारण कुछ ही समय में टूट कर बिखर चुके हैं। ग्रामीणों ने विकास अधिकारी (BDO) को पत्र लिखकर मांग की है कि इस भ्रष्टाचार में संलिप्त ठेकेदार और सरपंच पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और वर्तमान टेंडर को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उच्च गुणवत्ता वाले मैटेरियल और सामूहिक सहमति के साथ पारदर्शी तरीके से काम शुरू नहीं होता, वे निर्माण नहीं होने देंगे।
इस विरोध प्रदर्शन और मांग पत्र पर उप सरपंच लक्ष्मण सिंह चुंडावत सहित भीमराज गायरी (युवा अध्यक्ष, धनगर गायरी झाड़ोल चौखला), राम लाल गायरी, लालू राम, रमेश चंद कटारा, नाना लाल, दीपक गायरी, भेरू लाल, राम संदर, किशन गायरी, मांगी लाल, शंकर लाल, डूंगर लाल, कमल गायरी, सुन्दर गायरी, मांगी लाल, दिनेश गायरी, लोकेश गायरी और केशू लाल जैसे प्रबुद्ध नागरिकों ने हस्ताक्षर कर जिला कलेक्टर को भी इसकी प्रतिलिपि भेजी है। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद ही अब इस सड़क का भविष्य तय होगा, लेकिन इस घटना ने स्थानीय पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Vishnu Lohar, Jhadol
नाम: विष्णु लोहार
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल, झाड़ोल)
कार्यक्षेत्र: झाड़ोल, उदयपुर (राजस्थान) - मुख्य रूप से झाड़ोल और गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास का ग्रामीण अंचल
अनुभव: करीब 10 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय एवं ग्रामीण समाचार: झाड़ोल व गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र, ग्रामीण पंचायतों, सामाजिक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की नियमित कवरेज।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत, विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां, जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम एवं राजनीतिक घटनाक्रम।
- क्राइम: पुलिस कार्रवाई, अपराध संबंधी घटनाएं, कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक मामलों की रिपोर्टिंग।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, विकास कार्य, शिविरों एवं प्रशासनिक निर्णयों की कवरेज।
- शिक्षा: विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षा योजनाओं, विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं शिक्षा संबंधी समस्याओं पर रिपोर्टिंग।
- स्वास्थ्य: स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं, जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता विषयक समाचार।
- बिज़नेस एवं व्यापार: स्थानीय व्यापार, बाजार गतिविधियां, छोटे व्यवसाय, उद्यमिता एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े विषय।
- सामाजिक एवं जनहित मुद्दे: ग्रामीण समस्याएं, नागरिक सुविधाएं, सामाजिक सरोकार, सरकारी योजनाएं, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों की विशेष कवरेज।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- वाणिज्य स्नातक (B.Com)
- वाणिज्य स्नातकोत्तर (M.Com)
- B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
- BSTC (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट)
