झाडोल में युवक की चाकू और लाठी से हमला कर हत्या
सूरत से होली मनाने गांव आए 16 वर्षीय किशोर पर पुरानी रंजिश में हमला, साथी बाल-बाल बचा, एमबी अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम।

उदयपुर जिले के झाडोल थाना क्षेत्र में होली के त्यौहार पर अपने गांव आए एक युवक की चाकू व लठ्ठ से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना का विवरण और पृष्ठभूमि
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, माण्डवा खेत झाडोल निवासी 16 वर्षीय परथा, पुत्र लिम्बा कलावा, अपने साथी सोमाराम के साथ सूरत में नौकरी करता था। ये दोनों दोस्त होली के त्यौहार की खुशियां मनाने के लिए अपने गांव वापस आए थे। शाम को करीब 6 बजे वे पैदल-पैदल अपने घर की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वे गोपीलाल खरवा की दुकान पर किराणे का सामान लेने के लिए रुके।
अचानक हुआ जानलेवा हमला
दुकान से सामान लेकर जैसे ही वे आगे बढ़े, तभी ढढावली फला माण्डवा खेत निवासी महेन्द्र, पुत्र जगा खरवड़, हाथ में लठ्ठ लेकर वहां पहुंचा। आरोपी ने आते ही सोमाराम पर चाकू व लठ्ठ से हमला कर दिया, जिसमें सोमाराम अपनी जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा। लेकिन हमलावरों ने परथा को पकड़ लिया और उस पर चाकू व लठ्ठ से ताबड़तोड़ वार किए।
उपचार के दौरान मौत और पुलिस कार्रवाई
हमलावर परथा को खून से लथपथ हालत में वहीं छोड़कर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही परथा के पिता मौके पर पहुंचे और घायल बेटे को तुरंत एमबी चिकित्सालय ले गए। चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के दौरान ही परथा की मौत हो गई। एएसआई दिनेश कुमार ने बताया कि पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
