झाड़ोल पुलिस की बड़ी सफलता: 23 गुमशुदा और चोरी के मोबाइल बरामद, तीन लाख के फोन मालिकों को लौटाए
उदयपुर के झाड़ोल थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक से 23 गुमशुदा व चोरी के मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए। जानिए पूरी कार्रवाई।

उदयपुर के झाड़ोल थाना परिसर में बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किए गए 23 बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।
उदयपुर जिले के पुलिस थाना झाड़ोल ने गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने की बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत विश्नोई एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन तथा थानाधिकारी करणाराम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने गत एक माह के दौरान सीईआईआर (CEIR) पोर्टल एवं आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए विभिन्न स्थानों से 23 गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। गुरुवार को सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को थाना परिसर में बुलाकर सुपुर्द किए गए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर पीड़ितों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इस कार्रवाई की सराहना की। पुलिस थाना झाड़ोल इससे पूर्व भी विभिन्न अभियानों के तहत 102 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों को लौटाने में सफलता प्राप्त कर चुका है, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी करणाराम के नेतृत्व में गठित टीम के सदस्य सुभाष चंद्र ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके साथ बालकृष्ण एवं उमेश कुमार सहित पुलिसकर्मियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। लगातार सफल मोबाइल रिकवरी अभियानों के माध्यम से पुलिस थाना झाड़ोल गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने में प्रभावी कार्रवाई कर रहा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
