झाड़ोल। दशामाता के पावन पर्व के उपलक्ष्य में झाड़ोल में दो दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 11 मार्च से 12 मार्च तक मेला ग्राउंड झाड़ोल में लगेगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम

मेले में मनोरंजन और आकर्षण के कई विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं। बच्चों और युवाओं के लिए ट्रेन झूला, तरेशा झूला, नावझूला और चकरी जैसे झूलों की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही गैर नृत्य और नुक्कड़ नाटक जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे मेले का माहौल और भी रंगीन बनेगा। आयोजकों ने बताया कि मेले का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से जोड़ना है तथा पारंपरिक उत्सव को उत्साहपूर्वक मनाना है। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है।

सुरक्षा व्यवस्था और महत्वपूर्ण अपील

साथ ही मेले में आने वाले सभी आगंतुकों से अपील की गई है कि "मेले में शराब का सेवन करके न आएं तथा लाठी एवं किसी भी प्रकार के हथियार लाना पूर्णतः प्रतिबंधित है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।" ग्राम पंचायत झाड़ोल प्रशासक आशादेवी वड़ेरा, उपसरपंच निलमराज पुरोहित, बंशीलाल वडेरा और ग्राम विकास अधिकारी ज्ञानेश्वर मेघवाल की देखरेख में आयोजन की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके अलावा समस्त वार्ड पंच और ग्रामवासी भी मेले को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story